Advertisement

उत्तर भारत झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में, दिल्ली में तापमान 46 डिग्री के पार

राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में गर्मी चरम पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो...
उत्तर भारत झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में, दिल्ली में तापमान 46 डिग्री के पार

राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में गर्मी चरम पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों तक इससे कोई राहत मिलने वाली नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में उच्चतम तापमान 46.2 फीसदी रिकॉर्ड किया गया।

अगले दो दिनों तक राहत नहीं

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में गरम हवा और लू का मौसम अभी जारी रहने की अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और सौराष्ट्र के कई स्थानों पर भी लू और गर्म हवाओं का मौसम बना रहेगा। गर्मी के कारण लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है।

दिल्ली में मानसून एक माह बाद

उत्तर भारत को इस भीषण गर्मी से राहत फिलहाल मिलने की उम्मीद नहीं है क्योंकि मानसून एक सप्ताह की देरी के बाद केरल पहुंचा है। मानसून केरल से आगे बढ़ा है लेकिन उत्तर भारत में आने में करीब एक माह का समय लग सकता है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 10 जुलाई के आसपास पहुंचता है।

गर्मी से बचाव के उपाय

राज्यों के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दिन के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। कहा गया है कि अगर घर से निकल रहे हैं तो पानी और दूसरे पेयों का  अधिकाधिक इस्तेमाल करें और शरीर को ढक कर रखें।

मानसून पहुंचने में अभी काफी वक्त

मौसम विभाग का कहना है कि दो दिनों बाद आंधी और तेज हवाओं से गर्मी से कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है। आसमान बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की राहत मिलेगी। हालांकि अभी उत्तर भारत में लोगों को झुलसाने वाली इस गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है क्योंकि मानसून पहुंचने में अभी काफी समय लगेगा।

मानसून केरल से आगे बढ़ा

केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक हफ्ते की देरी से आठ जून को पहुंचा। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आगे बढ़ गया है। मानसून दक्षिण अरब सागर, लक्षद्वीप और केरल के कुछ अन्य हिस्सों में पहुंच गया है। मानसून दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए दशाएं अनुकूल हैं।

मंगलवार को पूर्वोत्तर तक पहुंचेगा

अगले मंगलवार तक मानसून पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। हालांकि ओडिशा में मानसून अगले चार दिनों तक पहुंचने की संभावना नहीं है। भुवनेश्वर में मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार राज्य में आमतौर पर मानसून 10 जून को पहुंच जाता है। लेकिन अभी स्थितियों को देखकर लगता है कि तीन-चार दिनों की देरी होगी। वैसे राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान आ रहे हैं जबकि दूसरे क्षेत्रों में भीषण गर्मी का मौसम है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad