पुणे के राजभवन यानी राज्यपाल विद्यासागर राव के निवास पर सुरक्षा का आलम यह है कि चोर वहां से 5 चंदन के पेड काट कर ले उड़े और किसी को खबर तक नहीं हुई।
यह घटना 30 अप्रैल की है। लेकिन इस पर ध्यान तब गया जब गवर्नर हाउस के माली ने कुछ दिन पहले ध्यान दिया कि कुछ पेड़ गायब हैं।
यह पहली बार नहीं है जब राजभवन में ऐसी घटना हुई है। दो साल पहले भी चोर इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुके हैं। तब भी पेड़ काट कर अज्ञात लोग फरार हो गए थे। जबकि राजभवन के पास ही एक पुलिस थाना भी है।
राजभवन में अक्सर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर आदि अपने पुणे प्रवास के दौरान आते रहते हैं। यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है। चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    