Advertisement

मछुआरे की हत्या पर भारत ने जताया विरोध, पाकिस्तानी राजनयिक को किया तलब

भारत ने सोमवार को पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया और ‘निर्दोष’ भारतीय मछुआरे की हत्या पर कड़ा विरोध...
मछुआरे की हत्या पर भारत ने जताया विरोध, पाकिस्तानी राजनयिक को किया तलब

भारत ने सोमवार को पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया और ‘निर्दोष’ भारतीय मछुआरे की हत्या पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि भारत सरकार ने मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका पर गोलीबारी करने के लिये पाकिस्तानी एजेंसी की इस कार्रवाई की निंदा की।

पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार को अरब सागर में मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नाव ‘जलपरी’ पर गोलीबारी की थी। इसमें एक भारतीय नागरिक श्रीधर रमेश चामरे (32) की मौत हो गई जबकि दिलीप सोलंकी (34) घायल हो गया। उसका गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के ओखा तटीय शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मछली पकड़ने वाली नाव पर चालक दल के सात सदस्य थे। वहीं मृत मछुआरे का शव रविवार को ओखा लाया गया। इस घटना के बाद गुजरात पुलिस टीम ने पाकिस्तान के 10 जवानों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।

सूत्रों ने कहा, ‘‘पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को सोमवार को विदेश मंत्रालय ने तलब किया और पाक की ओर से भारतीय मछुआरों पर अकारण गोलीबारी की घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह दोहराया गया कि पाकिस्तान में अधिकारी मछुआरों के मुद्दे को मानवीय और आजीविका के मामले के रूप में देखते हैं। पाकिस्तान सरकार को भी इस घटना की जांच करने और अपने बलों को अकारण गोलीबारी के ऐसे कृत्यों से बचने के निर्देश देने के लिए कहा गया है।''

इस बीच गुजरात पुलिस ने पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) के 10 कर्मियों पर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में अरब सागर में पीएमएसए के कर्मियों ने मछली पकड़ने वाली एक नौका पर शनिवार को गोली चला दी थी, जिसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई और अन्य एक घायल हो गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad