Advertisement

कमल हासन ने लॉन्च की राजनीतिक पार्टी, दिल्ली के सीएम केजरीवाल रहे मौजूद

अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने बुधवार को अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा की। उन्होंने अपनी पार्टी का...
कमल हासन ने लॉन्च की राजनीतिक पार्टी, दिल्ली के सीएम केजरीवाल रहे मौजूद

अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने बुधवार को अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा की। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम बताया। साथ ही पार्टी के झंडे और लोगो का अनावरण किया गया।

कमल हासन ने बताया कि उनकी पार्टी का नाम ‘मक्कल नीथि मय्यम’ है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जब मैं पार्टी के नाम का ऐलान करूंगा तो जोर से आवाज आनी चाहिए। यह लोगों की पार्टी है। मैं इस पार्टी का नेता नही हूं। यह सिर्फ एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि यह लॉन्ग टर्म लक्ष्य है।

इस दौरान आयोजित कार्क्रमम में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए। उनके आम आदमी पार्टी के तमिलनाडु इनचार्ज सोमनाथ भारती भी मौजूद रहे।

पार्टी के ऐलान के वक्त कमल हासन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी को वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था के लिए एक उदाहरण होना चाहिए और मैं आपको भाषण देने के बजाय आपके सुझाव की अपेक्षा रखता हूं।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली के लोगों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को नकार दिया और हमें 67 सीटें दीं। जो प्रतिक्रिया मैं यहां देख रहा हूं मुझे विश्वास है कि तमिलनाडु के लोग दिल्ली का रिकॉर्ड तोड़ेंगे।'

इससे पहले कमल हासन ने दिवंगत राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के घर का दौरा अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति को अपना 'रोल मॉडल' बताया। कमल हासन ने बुधवार को कलाम के घर जाकर उनके भाई मुहम्मद मुथुमीरन लेब्बाई मराईक्कायार से आशीर्वाद लिया। इस दौरान कलाम के परिजनों ने उन्हें पूर्व राष्ट्रपति के चित्र वाला स्मृति चिह्न भेंट किया।

कमल हासन का फिल्‍मों से राजनीति तक का सफर

सात नवंबर 1954 को चेन्नई में कमल हासन का जन्म हुआ था। 1960 में छह साल की उम्र में उन्होंने 'कलातुर कलम्मा' से फिल्मी करियर की शुरुआत की। कमल हासन ने दो शादी की। वाणी गणपति से 1978 में शादी हुई। 1988 में दोनों का तलाक हो गया। 1988 में ही उन्होंने अभिनेत्री सारिका से शादी की। लेकिन 2002 में दोनों अलग हो गए और 2004 में तलाक ले लिया। सारिका और कमल हासन की दो बेटियां हैं, श्रुति हासन और अक्षरा हासन। दोनों अभिनेत्री हैं।

पहली फिल्म के लिए हासन को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था। वह एक दर्जन से ज्यादा फिल्म फेयर और रिकॉर्ड तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं। वह अकेले ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने एक फिल्म में 10 भूमिकाएं निभाईं। इस फिल्म का नाम 'दशावतारम' है।

रजनीकांत और कमल हासन

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत पहले ही राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर चुके हैं और उनकी पार्टी आगामी तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 सीटों पर चुनाव भी लड़ेगी।

रजनीकांत और कमल हासन ने बीते रविवार को चेन्नै में एक-दूसरे से मुलाकात भी की। ऐसे में भले ही दोनों इसे एक औपचारिक मुलाकात बता रहे हैं, लेकिन तमिलनाडु के राजनीतिक गलियारे में इसने हलचल मचा दी है। रजनीकांत इससे पहले भी कमल हासन के साथ गठबंधन का संकेत दे चुके हैं।

गौरतलब है कि कमल हासन ने कहा था कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना चाहते हैं और सिस्टम को साफ-सुथरा बनाना चाहते हैं। इसीलिए वह राजनीति में आए हैं।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad