Advertisement

कासगंज हिंसा: 9 आरोपी गिरफ्तार, SIT का गठन

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा प्रभात फेरी यात्रा के दौरान दो...
कासगंज हिंसा: 9 आरोपी गिरफ्तार, SIT का गठन

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा प्रभात फेरी यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच जमकर बवाल के बाद अभी भी इलाके में तनाव बरकरार है। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

इस घटना को लेकर 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

एएनआई के मुताबिक, यहां शुक्रवार रात से ही धारा-144 लागू है। शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात हैं।

तिरंगा प्रभात फेरी यात्रा के दौरान कासगंज में शुक्रवार को हुई हिंसा में एक की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हो गए थे। मारे गए शख्स का नाम चंदन है।

आगजनी और तोड़फोड़ होने के बाद बवाल बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने आस-पास जिलों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई, जिसके बाद उपद्रवियों पर काबू किया जा सका। एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

ऐसे भड़की हिंसा

दरअसल कासगंज जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में बिलराम गेट के पास से तिरंगा यात्रा गुजर रही थी। इस दौरान कासगंज में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के साथ जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए। इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने उनका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई।

इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने भी मोर्चा संभाल लिया और घर की छतों से पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में उपद्रवियों ने तहसील रोड पर भी फायरिंग कर दी। इसके बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया। गाड़ियों में आग लगा दी गई। इसमें गोली लगने से रेलवे रोड निवासी चंदन गुप्ता उर्फ अभिषेक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। उपद्रवियों के पथराव में करीब आधा दर्जन लोगों को भी मामूली चोटें आईं।

हिंसा पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजेन्द्र प्रताप सिंह, एसपी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हिंसा पर काबू करने के लिए बल प्रयोग किया, लेकिन उपद्रवियों पर काबू नहीं पाया जा सका। पुलिस विभाग ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर बुलाया। इसके बाद उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad