Advertisement

लद्दाख: लेह के केरी में सेना का वाहन खाई में गिरने से 9 जवानों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

लद्दाख के लेह जिले में शनिवार शाम को एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से हुई दुर्घटना में...
लद्दाख: लेह के केरी में सेना का वाहन खाई में गिरने से 9 जवानों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

लद्दाख के लेह जिले में शनिवार शाम को एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से हुई दुर्घटना में भारतीय सेना के नौ जवानों की मौत हो गई। घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। घटनास्थल पर बचाव अभियान चल रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

सूत्रों के मुताबिक, सेना के ट्रक के साथ एक एंबुलेंस और यूएसवी भी जा रही थी। इन सभी वाहनों में कुल 34 सेना के जवान थे। शाम साढ़े 6 बजे सेना का ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि क्यारी शहर से 7 किमी दूर दुर्घटना हुई है। सेना का वाहन खाई में गिर गया था। वाहन में 10 कर्मी सवार थे जिनमें से नौ की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया है।

इसी साल अप्रैल में पुंछ-जम्मू नेशनल हाइवे पर सेना की गाड़ी में भीषण आग लग गई थी और 5 जवानों की जान चली गई थी। दिसंबर 2022 में सिक्किम में एक बस गहरी खाई में गिर गई थी, जिससे 16 आर्मी के जवानों की मौत हो गई थी। ये हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad