Advertisement

दिल्ली हिंसा: गोली चलाने वाला शाहरुख यूपी से गिरफ्तार, बंदूक ताने वीडियो हुआ था वायरल

दिल्ली हिंसा मामले में बड़ी कायमाबी हासिल करते हुए क्राइम ब्रांच ने शाहरुख नामक उस युवक को गिरफ्तार...
दिल्ली हिंसा: गोली चलाने वाला शाहरुख यूपी से गिरफ्तार, बंदूक ताने वीडियो हुआ था वायरल

दिल्ली हिंसा मामले में बड़ी कायमाबी हासिल करते हुए क्राइम ब्रांच ने शाहरुख नामक उस युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुलिसकर्मी पर गोली तानी थी। शाहरुख पर आरोप है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में हिंसक प्रदर्शन के दौरान उसने 8 राउंड फायरिंग की थी। फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद से शाहरुख की तलाश जारी थी।

बताया जा रहा है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच ने उसे बरेली से गिरफ्तार किया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच आरोपी युवक को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। बताया जा रहा है कि शाहरुख के कई रिश्तेदार बरेली में हैं जिनके घर में वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। दिल्ली पुलिस 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी देगी।

बता दें कि दिल्ली हिंसा के दौरान शाहरुख का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह कई राउंड फायरिंग करता नजर आया था। दिल्ली में हिंसा के दौरान गोली चलाने के आरोप में दिल्ली पुलिस को उसकी तलाश थी, वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

खुफिया जानकारी के बाद क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि वह उत्तर प्रदेश के बरेली में घुसा छिपा बैठा है। दिल्ली पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में मंगलवार को शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उससे पूछताछ जारी है और क्राइम ब्रांच शाहरुख के सहयोगियों की भी तलाश कर रही है। बता दें कि दिल्ली हिंसा के दौरान 24 फरवरी को शाहरुख ने मौजपुर में कई राउंड फायरिंग की थी, दिल्ली पुलिस के एक जवान पर बंदूक तानने का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।

24 फरवरी की थी फायरिंग

बीते दिनों जब दिल्ली में हिंसा का दौर शुरू हुआ तो सूचना पाकर मौजपुर इलाके में उपद्रवियों से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मी दीपक दहिया पर आरोपी शाहरुख ने सरेआम पिस्तौल तान दी थी। उपद्रवियों की भीड़ में शामिल पिस्टल लिए शाहरुख का लाठी से सामना करने वाले हेड कॉन्स्टेबल दीपक दहिया  की बहादुरी की काफी चर्चा हुई थी।

शाहरुख का 24 फरवरी का एक वीडियो भी सामने आया था, इसमें वह दिल्ली पुलिस के जवान दीपक दहिया पर गोली तानते हुए दिख रहा है। दीपक ने पूरी मजबूती के साथ उसका सामना किया। दीपक का कहना है कि उनकी कोशिश शाहरुख को फायरिंग से रोकना था, क्योंकि दूसरी तरफ काफी भीड़ थी।

शाहरुख की तलाश में दिल्ली पुलिस ने बरेली में डाला था डेरा

स्पेशल सेल को 26 फरवरी को इसे दबोचने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। छह दिनों से स्पेशल सेल उत्तर प्रदेश के बरेली के कुछ कस्बों के आसपास डेरा डाले हुई थी। पंजाब, मुजफ्फरनगर व कैराना में भी सेल की टीमें शाहरुख के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी थी। शाहरुख के घर के सभी सदस्य भी फरार बताए जा रहे हैं।

दिल्ली हिंसा में 47 लोगों की मौत

बता दें कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 200 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। अलग-अलग इलाकों में नालों से कई शव बरामद किए गए हैं। हिंसा फैलाने के आरोप में पुलिस ने करीब 800 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा में कई घायलों को इलाज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad