Advertisement

मुजफ्फरपुर रेप केस के खिलाफ विपक्ष एकजुट, राहुल ने कहा- हम जनता के साथ खड़े हैं

बिहार का मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप केस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए मुश्किलें लेकर आया है। शेल्टर...
मुजफ्फरपुर रेप केस के खिलाफ विपक्ष एकजुट, राहुल ने कहा- हम जनता के साथ खड़े हैं

बिहार का मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप केस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए मुश्किलें लेकर आया है। शेल्टर होम में 34 बच्चियों के साथ बलात्कार की घटना को लेकर बिहार सरकार के विरोध में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन की अगुआई राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव कर रहे हैं। यहां जुटे नेताओं ने कैंडल मार्च भी निकाला।

इस दौरान मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाकपा नेता डी राजा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, शरद यादव, सीपीएम नेता सीताराम येचुरी और तृणमूल कांग्रेस के नेता, डी राजा एक साथ मंच पर हैं। तेजस्वी यादव के समर्थन में जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार भी जंतर-मंतर पहुंचे। इसे कई लोग विपक्षी एकता के तौर पर भी देख रहे हैं हालांकि मंच से लगातार कहा जा रहा है कि हम उन बच्चियों और संवेदनशील मुद्दे को लेकर एकजुट हुए हैं। यह बात इसलिए भी कही जा रही है कि कहीं यह मंच राजनीतिक समीकरणों की भेंट न चढ़ जाए। मंच पर नेता कैंडल लेकर भी खड़े हुए।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'हम यहां हर एक महिला के लिए आए हैं। जो यहां कमजोर है चाहे वो महिला हो, दलित हो, अल्पसंख्यक हो, उस पर आक्रमण हो रहा है। हम देश की जनता के साथ खड़े हैं। मीडिया को धमकाया जा रहा है। ये लोग जब अपना काम करना चाहते हैं, इनको नौकरियों से निकाला जा रहा है। हम आपके साथ हैं। सच्चाई लिखो। नीतीश जी ने कहा कि उन्हें शर्म आई, उन्हें जल्दी कार्रवाई करनी चाहिए।'

तेजस्वी ने कहा- बिहार में जंगलराज नहीं राक्षसराज

मंच से तेजस्वी यादव ने तालियां न बजाने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैं यहां आए सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं। आपने दिखा दिया है कि कोई कितना भी ताकतवर क्यों न हो अपराध सामने आ जाता है। हम इस दरिंदगी पर दोषियों के लिए फांसी चाहते हैं। यह शोषण सरकार की नाक के नीचे होता रहा। सत्ता के करीबी होने की वजह से दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।'

उन्होंने कहा, 'मेरी भी मां हैं, मेरी बहने हैं, उनकी बेटियां हैं। इन बेसहारा बेटियों का कोई नहीं है। लोग इसे राजनीतिक स्टंट कह रहे हैं जबकि यह धरना गैर राजनीतिक है। हमने विधानसभा में मुद्दा उठाया। हमने साइकिल मार्च किया। अब जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए हैं।'

तेजस्वी ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा, 'चाचा नीतीश कुमार की अंतरात्मा नहीं जाग रही है। आपने कहा आपको शर्म और दुख हुआ लेकिन आपने ब्रजेश ठाकुर का नाम एफआईआर से हटाने का काम किया। सरकार की गाइडलाइंस है कि आवासीय इलाकों में शेल्टर होम नहीं होना चाहिए। आपके अधिकारी ऑडिट के लिए जाते थे। क्या आप गुनाहगारों को बचाने का काम करते थे। भाजपा की डबल इंजन सरकार है।'

उन्होंने कहा, 'मैं बिहारी होने के नाते मेरा माथा शर्म से झुक गया है। बिहार में जंगलराज नहीं राक्षसराज आ गया है। दुर्योधन द्रौपदी का चीरहरण कर रहा है। रावण सीता का अपहरण कर रहा है।'

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जिस लड़की के पास सारी जानकारी थी उसे मधुबनी के शेल्टर होम में भेज दिया गया। यहां भेजे जाने के बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम नहीं जानते कि वह मर गई या उसकी हत्या हो गई या वह गुम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चियों को बदला भी जा सकता है इसलिए बच्चियों को दिल्ली लाया जाए ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।

केजरीवाल ने कहा- दोषियों को तीन महीने में हो फांसी

इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि मुजफ्फरपुर के दोषियों के खिलाफ मुकदमा चलाकर उनको तीन महीने में फांसी दी जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में बच्चियों से बलात्कार करने वालों से ज्यादा सत्ता पर बैठे वो लोग जिम्मेदार हैं, जिनकी जानकारी में ऐसा घृणित कृत्य होता रहा। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश का माहौल ऐसा है कि बीजेपी की महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को तक नहीं छोड़ा जा रहा है।

नीतीश ने तोड़ी थी चुप्पी

चौतरफा दबाव के बाद इस केस में आखिरकार सीएम नीतीश कुमार ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा था कि मुजफ्फरपुर में ऐसी घटना घट गई कि हम शर्मसार हो गए। नीतीश ने कहा, 'सीबीआई जांच कर रही है। हाई कोर्ट इसकी मॉनिटरिंग करे।'

बिहार सीएम ने आश्वस्त किया है कि इस मामले में किसी के साथ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कड़ी सजा मिलेगी।'

आरोपी ब्रजेश ठाकुर हिरासत में

मुजफ्फरपुर में बेसहारा लड़कियों के लिए बने शेल्टर होम में 34 नाबालिग लड़कियों से रेप का आरोप है। इस बालिका गृह का संचालन ब्रजेश ठाकुर का एनजीओ करता था। मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुजफ्फरपुर शेल्टर होल मामले की मुख्य आरोपियों में से एक मधु कुमारी अभी भी फरार है। बताया जा रहा है कि मधु के पास ब्रजेश ठाकुर के बारे में कई जानकारियां हो सकती हैं। बता दें कि कुछ समय पहले जिला अधिकारी अनुपम कुमार ने एक अवॉर्ड के लिए मधु का नाम राज्य सरकार को भेजा था।

 सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के आश्रय गृह में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं की तस्वीरों व वीडियो प्रसारित करने पर रोक लगा दिया है। जस्टिस मदन बी.लोकुर और जस्टिस दीपक गुप्ता की पीठ ने एक शख्स द्वारा अदालत को पत्र लिखने के बाद इस घटना पर स्वत: संज्ञान लिया। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, बिहार सरकार से जवाब मांगा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad