Advertisement

17 सितंबर को 66 वां जन्मदिन गुजरात में आदिवासियों के साथ मनाएंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को 66 वां जन्मदिन है। इस दिन पूरे देश से प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं मिलनी तय है। पीएम मोदी अपना जन्‍मदिन गुजरात में अनुसूचित जनजाति के लोगों के बीच मनाएंगे। सूत्रों के मुताबिक संभावना है कि पीएम मोदी इसके लिए दाहोड़ या फिर नवसारी के पास किसी जगह में जाकर आदिवासियों के साथ मुलाकात करेंगे।
17 सितंबर को 66 वां जन्मदिन गुजरात में आदिवासियों के साथ मनाएंगे मोदी

 

हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है, लेकिन प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि मोदी इस महीने गुजरात का दौरा करने वाले हैं। एक अधिकारी ने बताया, 'पीएम मोदी 17 सितंबर को दाहोड़ के पास जनजातीय लोगों की एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे। वह इस मौके पर जनजातीय कल्याण के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताएंगे। वह जनजातीय लोगों की एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगे।'


मोदी का गुजरात आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में जन्‍मदिन के बाद 3 नवंबर को मोदी मणिनगर में विश्व कबड्डी टूर्नमेंट का भी उद्घाटन करने वाले हैं। जनवरी 2017 में गांधीनगर में आयोजित होने जा रहे वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भी प्रधानमंत्री भाग लेंगे।

पीएम मोदी के इन गुजरात दौरों को राजनैतिक विशेषज्ञ 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की छवि चमकाने की कोशिश मान रहे हैं। गौर हो कि बीते 30 अगस्त को भी मोदी जामनगर पहुंचे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad