Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्मदिन आज, देशभर से मिल रही है बधाई

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज यानी 17 सितंबर को जन्मदिन है। वो 73 साल के हो चुके हैं। पीएम मोदी के...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्मदिन आज, देशभर से मिल रही है बधाई

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज यानी 17 सितंबर को जन्मदिन है। वो 73 साल के हो चुके हैं। पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ-साथ आज विश्वकर्मा जयंती भी है। इस मौके पर वो 'पीएम विश्वकर्मा योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के शुभारंभ का कार्यक्रम दिल्ली के द्वारका में बने कन्वेंशन सेंटर में सुबह 11 बजे रखा गया है। पीएम विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनको एडवांस ट्रेनिंग देना और उन्हें आर्थिक मदद करना है।

इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने प्रमुख नेता के जन्मदिन को चिह्नित करने के लिए कई कल्याणकारी पहलों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने के लिए रविवार से आगामी दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती तक 'सेवा पखवाड़ा' शुरू करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश और दुनिया के तमाम नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।  मेरी शुभेच्छा है कि अपनी दूरगामी दृष्टि तथा सुदृढ़ नेतृत्व से आप ‘अमृत काल’ में भारत के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा देशवासियों को अपने अप्रतिम नेतृत्व से लाभान्वित करते रहें।'

गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, "अपनी दूरदर्शिता, अथक परिश्रम और नि:स्वार्थ सेवाभाव से करोड़ों लोगों के जीवन में समृद्धि और विश्वास लाने वाले देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही ईश्वर से आपकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं. भारत के हर व्यक्ति के दिल से जुड़कर उसे देश के विकास से जोड़ने का अद्भुत काम इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है। देश के करोड़ों गरीबों को गरीबी के अभिशाप से मुक्त कर उनके जीवन को बदलने के अपने संकल्प के कारण मोदी जी आज ‘दीनमित्र’ के रूप में जाने जाते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "नए भारत के शिल्पकार मोदी जी ने हमारे देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया है। चाहे संगठन हो या सरकार, मोदी जी से हम सभी को सदैव “राष्ट्रहित सर्वोपरि” की प्रेरणा मिलती है। ऐसे अद्वितीय नेता के मार्गदर्शन में देशसेवा का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा, "भारत के यशस्वी एवं कर्मयोगी प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उन्होंने भारत को न केवल नई पहचान दी है बल्कि संपूर्ण विश्व में उसका मान भी बढ़ाया है। लोक कल्याण और गरीब कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध मोदीजी ने भारत को विकास की नई बुलंदियों तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में भारत उत्तरोत्तर प्रगति करता रहे और वे ऐसे ही मां भारती की सेवा करते रहें. मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना करता हूं।"

पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "पीएम का उत्तराखंड से विशेष रिश्ता है। लोग उनके जन्मदिन को लेकर उत्साहित हैं। लोगों ने मैराथन, पौधे रोपने, प्रार्थनाएं और स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम आयोजित किए हैं। नए विकास कार्यक्रम हुए हैं, उत्तराखंड में इसकी शुरुआत हुई जिसके बारे में पहले कभी नहीं सोचा गया था। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।''

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा, 'विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता आदरणीय पीएम मोदी जी को जन्मदिवस की सादर शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रतिष्ठा, जनता-जनार्दन के बहुआयामी विकास व राष्ट्र के सार्वभौमिक उत्कर्ष को आपने साकार स्वरूप प्रदान किए हैं। 'अंत्योदय' का हमारा ध्येय आज देश के प्रत्येक गांव में व समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर 'विकसित भारत' के संकल्प सिद्धि का मंत्र बन गया है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं की भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कोटिशः कार्यकर्ताओं को सदैव आपका नेतृत्व प्राप्त होता रहे।'

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।  आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें। आपके नेतृत्व में देश से भय, भूख और भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो और हम पुनः विश्व गुरु का स्थान प्राप्त करें यही शुभकामनाएं।'  

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा,  'मां भारती के परम उपासक, 'नए भारत' के शिल्पकार, 'विकसित भारत' के स्वप्नद्रष्टा, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के प्रति संकल्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी  जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए आपका समर्पण और विजन अतुलनीय है। प्रभु श्री राम की कृपा से आपको दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो, आपका यशस्वी नेतृत्व हम सभी को प्राप्त होता रहे।

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’

 

वहीं, राहुल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।’ प्रधानमंत्री मोदी रविवार को 73 साल के हो गए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad