हिन्दी सिनेमा की सफल अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने यू एन जनरल असेंबली में शानदार भाषण दिया है। उन्होंने अपने भाषण में कोरोना महामारी के दौर में वैश्विक एकता के लिए प्रयास करने की बात कही।
प्रियंका चोपड़ा ने अपने भाषण में कहा "आज विश्व भर में लोग कोरोना महामारी, जलवायु परिवर्तन, भूख, गरीबी से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं से एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। समस्याओं से निजात पाने का एक ही तरीका है और वह है पर्यावरण के साथ संतुलन बनाकर विकास कार्य करना। सतत विकास के माध्यम से ही जलवायु परिवर्तन और कोरोना महामारी जैसी विपदाओं से निपटा जा सकता है। "
प्रियंका चोपड़ा ने कहा" आज हम सभी के भीतर एक बेचैनी है, ठहराव का अभाव है।कमाने, हासिल करने,जमा करने की होड़ में सतत विकास की भावना छूट गई है, जिसके कारण आज दुनिया गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। हमें अपने मूल्यों पर वापस लौटना होगा।तभी हम एक खुशहाल जीवन की कल्पना कर सकते हैं।"
प्रियंका चोपड़ा एक दशक से यूनिसेफ की गुड विल एंबेसडर हैं। इसके साथ ही उन्होंने हॉलीवुड फिल्मों में निरंतर रूप से अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। आने वाले समय में प्रियंका चोपड़ा निर्देशक फरहान अख्तर की फिल्म "जी ले जरा" में आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। हिन्दी सिनेमा के दर्शकों को प्रियंका चोपड़ा की बड़े पर्दे पर वापसी का इंतजार है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    