Advertisement

उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जबकि दिल्ली के नरेला और उत्तर...
उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जबकि दिल्ली के नरेला और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी का आधिकारिक संकेतक माने जाने वाले सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत से चार डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में "ऑरेंज" अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के कलर कोड में "तैयार रहें" होता है।

नरेला मौसम केंद्र ने शहर में सबसे अधिक तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बुलेटिन में बताया गया कि नजफगढ़ जैसे अन्य मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि आया नगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 45 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राज्य में सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी में अधिकतम तापमान 45.3, बागपत और फुरसतगंज में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 45 डिग्री जबकि राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, आगरा में हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान में चूरू 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। राज्य के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश भी हुई। श्रीगंगानगर में 45.1 डिग्री, फतेहपुर और बीकानेर में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिलानी में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस, संगरिया में 44.3 डिग्री, बाड़मेर में 44 डिग्री जबकि जयपुर, अलवर और जैसलमेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू में भी गर्मी लौट आई है और शहर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के दौरान सामान्य से चार डिग्री अधिक है। पिछले महीने के अधिकांश समय तक भीषण गर्मी की मार झेलने वाले शहर को 7 जून को राहत मिली जब तापमान गिरकर 37.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि, 11 जून से 17 जून तक शुष्क मौसम और छिटपुट लू की वापसी के पूर्वानुमान के बीच सोमवार को जम्मू में दिन का तापमान एक बार फिर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

हरियाणा में, नूंह में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पंजाब के अंबाला में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी रही और यहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गर्म मौसम की स्थिति बनी रही, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 43.4 और 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर में भी भीषण गर्मी रही और यहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद पठानकोट में 44.7 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 44.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 44.3 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 44 डिग्री सेल्सियस और फरीदकोट में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad