Advertisement

निर्भया के दोषियों की फांसी पर मोदी ने कहा- न्याय की हुई जीत तो सीएम बोले- सिस्टम में सुधार की जरूरत

सात साल से ज्यादा के लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार निर्भया को आज इंसाफ मिल गया। निर्भया के दोषियों को आज...
निर्भया के दोषियों की फांसी पर मोदी ने कहा- न्याय की हुई जीत तो सीएम बोले- सिस्टम में सुधार की जरूरत

सात साल से ज्यादा के लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार निर्भया को आज इंसाफ मिल गया। निर्भया के दोषियों को आज यानी शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली की तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई। निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने को हर कोई ऐतिहासिक बता रहा है। वहीं, अपनी बेटी के लिए इंसाफ मिलने के बाद निर्भया की मां ने कहा कि हमारी बेटी अब जिंदा नहीं है और लौटेगी नहीं। इसी के साथ राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आनी शुरू हो गई है।

आइए जानते हैं निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने पर किसने क्या प्रतिक्रिया दी-  

पीएम मोदी ने कहा- न्याय की जीत हुई

प्रधनामंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि न्याय की जीत हुई। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व है। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जहां समानता और अवसर पर जोर दिया जाए।

स्मृति ईरानी ने जताई खुशी

निर्भया के दोषियों को फांसी के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस पर खुशी जताई है और कहा है कि मैं इस दिन का अभिवादन करती हूं कि आखिरकार निर्भया को न्याय मिला है।निर्भया कांड के दोषियों को फांसी की सजा हर अपराधी के लिए एक संदेश है कि एक दिन कानून आपको पकड़ लेगा। वहीं, बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट कर कहा, 'हमलोग लेट हो गए निर्भया, दोषियों को मिली फांसी।'

फांसी पर निर्भया की मां बोलीं- आखिरकार तुमको न्याय मिला

निर्भया की मां ने कहा कि हमारी बेटी अब जिंदा नहीं है और लौटेगी नहीं। उन्होंने कहा कि हमने यह लड़ाई शुरू की थी जब वो हमें छोड़ कर चली गई। यह संघर्ष उसके लिए था, लेकिन हम भविष्य में अपनी बेटियों के लिए इस लड़ाई को जारी रखेंगे। मैंने अपनी बेटी की तस्वीर को गले लगाया और कहा आखिरकार तुमको न्याय मिला।

सीएम केजरीवाल ने कहा- हमारे सिस्टम में बहुत सारी खामियां

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने के बाद कहा कि न्याय दिलाने में 7 साल लगे। आज, हमें एक प्रतिज्ञा लेनी है कि इसी तरह की घटना फिर से नहीं होती है। हमने देखा है कि हाल ही में दोषियों ने कानून में हेरफेर कैसे किया। हमारे सिस्टम में बहुत सारी खामियां हैं, हमें सिस्टम में सुधार करने की आवश्यकता है।

कानून में बदलाव की जरूरत- नवाब मलिक

निर्भया मामले पर महाराष्ट्र मंत्री नसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा, '7साल बाद निर्भया को न्याय मिला, जितनी देरी होती है लोगों को लगता है कि इंसाफ नहीं मिला। जरूरत है कि ऐसे मामले में कानून में बदलाव हो और जल्द से जल्द सजा का प्रबंध किया जाए। महाराष्ट्र में सरकार इस तरह के कानून लाने का विचार कर रही है।'

फांसी से अपराधियों को लगेगा डर- सत्येंद्र जैन

2012 दिल्ली गैंगरेप मामले में फांसी होने पर दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, 'इससे संदेश जाएगा कि अगर आप इस तरह के जघन्य अपराध करेंगे तो आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। लोगों को विश्वास नहीं था कि ऐसा हो सकता है, आज इन्हें फांसी हो गई तो जो भी ऐसे अपराधी हैं उनको डर लगेगा।'

महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया नज़ीर

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष रेखा शर्मा निर्भया मामले के दोषियों को फांसी दिए जाने के बाद कहा कि आज एक उदाहरण पेश किया गया, लेकिन ऐसा पहले भी किया जा सकता था। अब ऐसे लोगों को पता है कि उन्हें सजा दी जाएगी, तारीख आगे बढ़ सकती है, लेकिन सजा मिलेगी।

स्वाति मालिवाल बोलीं- यह एक ऐतिहासिक दिन

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने कहा कि यह एक एतिहासिक दिन है, निर्भया को 7 साल बाद न्याय मिला, उसकी आत्मा को आज शांति मिली होगी। देश ने दुष्कर्मियों को एक कड़ा संदेश दिया है कि अगर किसी ने यह अपराध किया तो उसे फांसी दी जाएगी।

निर्भया की मां के साहस को सलाम- सुष्मिता सेन

निर्भया के दोषियों को मिली सजा पर फिल्म अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने भी खुशी जताई है। उन्होंने ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट करते हुए निर्भया की मां के साहस को सलाम किया है।

चारों दोषियों को तिहाड़ में फांसी दी गई

दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को एक महिला के साथ हुए सामूहिक बलात्कार एवं हत्या के मामले के चारों दोषियों को शुक्रवार की सुबह साढ़े पांच बजे फांसी दे दी गई। जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने यह जानकारी दी। पूरे देश की आत्मा को झकझोर देने वाले इस मामले के चारों दोषियों... मुकेश सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई। दक्षिण एशिया के सबसे बड़े जेल परिसर तिहाड़ जेल में पहली बार चार दोषियों को एक साथ फांसी दी गई।

चारों दोषियों ने फांसी से बचने के लिए अपने सभी कानूनी विकल्पों का पूरा इस्तेमाल किया और बृहस्पतिवार की रात तक इस मामले की सुनवाई चली। सामूहिक बलात्कार एवं हत्या के इस मामले के इन दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद तीन बार सजा की तामील के लिए तारीखें तय हुईं लेकिन फांसी टलती गई। अंतत: आज सुबह चारों दोषियों को फांसी दे दी गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad