Advertisement

गोवा: सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, पीएम मोदी और राजनाथ सिंह भी समारोह में होंगे शामिल

गोवा विधानसभा के लिए हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में भाजपा को 20 सीटें दिलाने वाले तीन बार के विधायक...
गोवा: सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, पीएम मोदी और राजनाथ सिंह भी समारोह में होंगे शामिल

गोवा विधानसभा के लिए हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में भाजपा को 20 सीटें दिलाने वाले तीन बार के विधायक प्रमोद सावंत सोमवार को दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह गोवा के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सुबह 11 बजे होगा।
        
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है और शपथ ग्रहण समारोह का प्रसारण विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से तटीय राज्य में भी किया जाएगा।

सोमवार को शपथ लेने वाले अन्य कैबिनेट मंत्रियों की संख्या को लेकर बीजेपी अब तक खामोश रही है। वहीं, प्रमोद सावंत ने रविवार सुबह कहा, ''आपको इसके बारे में कल पता चलेगा।  अभी, मुझे नहीं पता कि कितने मंत्री शपथ लेंगे।" बता दें कि मुख्यमंत्री के अलावा गोवा कैबिनेट में 11 और मंत्री हो सकते हैं।
         
यह दूसरी बार होगा जब गोवा के मुख्यमंत्री राजभवन परिसर के बाहर शपथ लेंगे। इससे पहले 2012 में, मनोहर पर्रिकर ने राज्य की राजधानी पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जब भाजपा सदन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।
        
हाल ही में संपन्न राज्य चुनावों में, भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है लेकिन भाजपा को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के तीन निर्दलीय विधायकों और दो विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है।
        
सावंत (48) उत्तरी गोवा के सांखालिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने पर्रिकर की मृत्यु के बाद मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
         

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad