Advertisement

देश में कोरोना संक्रमण के 3,33,012 मामले, अब तक नौ हजार से ज्यादा की मौत

देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले से भारत ने...
देश में कोरोना संक्रमण के 3,33,012 मामले, अब तक नौ हजार से ज्यादा की मौत

देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले से भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है और दुनिया का चौथा सबसे प्रभावित देश बन गया है। देश में कोरोना संक्रमितों का संख्या बढ़कर 3,33,012 हो गई है। Covid19india.org के मुताबिक, भारत में कोरोना के अभी 1,53,762 एक्टिव मामले हैं। जबकि 1,69,691 लोग स्वस्थ या डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 9,520 हो गई है। राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र में भी हालात बेहद गंभीर है। अकेले महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया है।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,07,958

देश में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3390 मामले दर्ज किए गए और 120 लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1,07,958 हो गई है। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 53,017 है और 50,978 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा प्रभावित आर्थिक राजधानी मुंबई है। मुंबई में अब तक कुल 58,226 लोगों को कोरोना हो चुका है। अब तक 2,182 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजधानी दिल्ली में अब तक 1327 लोगों की मौत

वहीं, राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां कुल संक्रमितों की संख्या 41,182 हो गई है। अब तक दिल्ली में 15,823 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अबतक दिल्ली में 1327 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 24,032 सक्रिय मामले हैं। रविवार रात को जारी हुई हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में बीते 24 घंटे में 2224 लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। यह दिल्ली में अबतक की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले शुक्रवार को सबसे ज्यादा 2137 मामले सामने आए थे। दिल्ली के हालात देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, एलजी अनिल बैजल के साथ शनिवार को बैठक की। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन भी शामिल थे।  

इंदौर में 24 घंटे में सिर्फ 6 नए मामले आए सामने

मध्यप्रदेश के इंदौर के लिए एक राहत की खबर आई है। शहर में 24 घंटे में सिर्फ 6 नए मामले सामने आए हैं। अब राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4069 है। जबकी मृतकों की कुल संख्या 174 हो गई है। इंदौर जिले के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी ने इस खबर की जानकारी दी है।

असम में बीते 24 घंटे में 149 नए मामले  

असम में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 149 और नए मामले सामने आने से राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 4,049 हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस बात की जानकारी दी है।

मणिपुर में बढ़ रही कोरोना मामलों की संख्या

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि प्रदेश में सकारात्मक मामलों की संख्या बढ़ रही है लेकिन सौभाग्य की बात यह है कि यह वायरस समुदाय के माध्यम से संचारित नहीं हो रहा है।

भारत दुनिया में चौथा सबसे प्रभावित देश बना

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या अमेरिका, ब्राजील, रूस के बाद सबसे ज्यादा है। कोरोना प्रभावित देशों में भारत चौथे स्थान पर आ गया है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (2,162,144), ब्राजील (867,882), रूस (528,964) में हैं। अमेरिका और ब्राजील के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मामले भारत में दर्ज किए जा रहे हैं।

पांच राज्यो में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

महाराष्ट्र में 53 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर दिल्ली, तीसरे नंबर पर तमिलनाडु, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad