Advertisement

जो देश का है वो हर देशवासी का है, सभी को इसका लाभ मिले: AMU के संबोधन में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलीगढ़ मुस्लिम...
जो देश का है वो हर देशवासी का है, सभी को इसका लाभ मिले: AMU के संबोधन में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के शताब्दी समारोह में भाग लिया। आयोजन के दौरान पीएम मोदी ने एक डाक टिकट जारी किया। इस कार्यक्रम में एएमयू के चांसलर सैयदना मुफदालल सैफुद्दीन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद हैं। 1964 के बाद यह पहली बार है जब भारत के किसी प्रधानमंत्री ने जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री के बाद एएमयू को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने इस दौरान एएमयू के योगदान की तारीफ की। साथ ही उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को याद दिलाया। पीएम ने अपने संदेश में आगे ये भी कहा कि जो भी देश का है,वो देश के हर नागरिक का है और संविधान के तहत सभी को अधिकार मिले हैं।

पीएम मोदी ने इस संबोधन के दौरान अपनी योजनाओं का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, बिना किसी भेदभाव आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज संभव हुआ। जो देश का है वो हर देशवासी का है और इसका लाभ हर देशवासी को मिलना ही चाहिए, हमारी सरकार इसी भावना के साथ काम कर रही है।

आज देश जो योजनाएँ बना रहा है वो बिना किसी मजहब के भेद के हर वर्ग तक पहुँच रही हैं। बिना किसी भेदभाव, 40 करोड़ से ज्यादा गरीबों के बैंक खाते खुले। बिना किसी भेदभाव, 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर दिए गए। बिना किसी भेदभाव 8 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को गैस मिला।

इस दौरान पीएम मोदी ने एएमयू की तारीफ करते हुए कहा कि संस्थान पर देश को गर्व है। साथ हीं उन्होंने एएमयू अलुमनाइ से अपील करते हुए कहा कि नए भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी को और बढ़ाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संस्थान की प्रगति में हमेशा साथ है। केंद्र हर तरह की मदद के लिए आगे है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad