Advertisement

उप चुनाव : मध्‍य प्रदेश में भाजपा का जादू बरकरार, त्रिपुरा में माकपा जीती

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्‍य प्रदेश, असम, पुडुचेरी, त्रिपुरा में लोकसभा की चार सीटों और विधानसभा की 8 सीटों पर हुए उपचुनावों में नतीजे मिले जुले रहे। त्रिपुरा में विधानसभा सीटों में माकपा का वर्चस्‍व रहा तो मध्‍यप्रदेश की शहडोल लोकसभा और नेेपानगर विधानसभा सीट में भाजपा के प्रत्‍याशियों को जीत मिली है। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने नेल्लिथोपे विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली है।
उप चुनाव : मध्‍य प्रदेश में भाजपा का जादू बरकरार, त्रिपुरा में माकपा जीती

त्रिपुरा उपचुनाव में माकपा ने दोनों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। त्रिपुरा की बरजाला और खोवाई विधानसभा सीटों के उपचुनाव में माकपा को जीत हासिल हुई।  

मध्यप्रदेश में शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारुढ़ भाजपा ने दोनों सीटें जीतकर इन पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शहडोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ग्यान सिंह ने 60,383 मतों के अंतर से जीत ली है। इस सीट पर यह उनकी तीसरी जीत है। उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ग्यान सिंह को 4,81,398 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी हिमाद्री सिंह को कुल 4,21,015 मत हासिल हुए। इसके अलावा 14,957 मतदाताओं ने नोटा के पक्ष में मतदान किया।

हालांकि शहडोल उपचुनाव में भाजपा की जीत का अंतर पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में काफी कम हुआ है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यह सीट 2,41,301 मतों से जीती थी।

उन्होंने बताया कि नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार मंजू दादू ने कांग्रेस के अंतर सिंह को 42,198 मतों से पराजित किया। यहां भाजपा उम्मीदवार को 99,626 मत तथा कांग्रेस प्रत्याशी को 57,428 मत मिले, जबकि 3,223 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। नेपानगर में भाजपा की जीत का अंतर बढ़ा है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा यह सीट 22,178 मतों से जीती थी।

ग्यान सिंह वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान के कैबिनेट में एक वरिष्ठ मंत्राी होने के साथ-साथ आदिवासी नेता हैं। वहीं, हिमाद्री सिंह इस सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्राी दलबीर सिंह और शहडोल लोकसभा क्षेत्रा से पूर्व सांसद राजेश नंदिनी सिंह की बेटी है।

पश्चिम बंगाल की दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में ममता की तृणमूल कांग्रेस को जीत हासिल हुई है। तामलुक लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार दिव्येंदु अधिकारी ने जीत हासिल की। दिव्येंदु ने अपनी सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी और माकपा उम्मीदवार मंदिरा पांडा को 4.97 लाख वोटों से हराया।

मोंटेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सैकत पांजा को बड़ी जीत हासिल हुई। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी और माकपा उम्मीदवार मोहम्मद उस्मान गनी सरकार को 1,27,127 वोटों से हराया।

कूचबिहार लोकसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में भी तृणमूल उम्मीदवार पार्थप्रतिम राॅय को जीत मिली। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार हेमचंद्र बर्मन को 4.9 लाख वोटों से हराया। इस सीट पर वाम मोर्चा में साझेदार फाॅरवर्ड ब्लाॅक का उम्मीदवार तीसरे पायदान पर रहा। असम में विधानसभा और लोकसभा सीट दोनों में भाजपा को जी‍त मिली है। तमिलनाडु में एआईएडीएमके ने तीनों विधानसभा सीटों में जीत का परचम लहराया है।  

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad