Advertisement

कोरोना वायरस का कहर: इटली से भारत आए 17 लोग कोरोना पॉजिटिव, 1 भारतीय भी शामिल

घातक कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से भारत सहित कई देशों में फैल गया है। अब स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया...
कोरोना वायरस का कहर: इटली से भारत आए 17 लोग कोरोना पॉजिटिव, 1 भारतीय भी शामिल

घातक कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से भारत सहित कई देशों में फैल गया है। अब स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इटली से भारत आए 17 पर्यटक कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें एक भारतीय भी शामिल है। कुल 21 पर्यटक भारत आए थे जिनमें से 17 को कोरोना से संक्रमित पाया गया है। इससे पहले देश में छह पॉजिटिव मामलों का पता चला था। वहीं सरकार का दावा है कि वह इस महामारी से लड़ने के लिए तैयार है। वायरस ने चीन में लगभग 3,000 लोगों की जानें ले ली है और 80,000 से अधिक लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। यह वायरस अब इटली, ईरान, अमेरिका, सऊदी समेत और अन्य देशों में फैल गया है। वहीं अब पता चला है कि दिल्ली में संक्रमित युवक के संपर्क में आए नोएडा के छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आज कोरोनावयरस के फैलते कहर को लेकर प्रबंधन और तैयारियों के लिए दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

भारत की बात करें तो देश में अब तक कोरोनावायरस के सात भारतीय नागरिकों के पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें तीन केरल के थे, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। तीन मरीज दिल्ली, जयपुर और तेलंगाना में मिले हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जबकि, जयपुर में मिले इटली के संक्रमित मरीज की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।

इटली से भारत आए 17 पर्यटक कोरोना पॉजिटिव: हर्षवर्धन

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि इटली से भारत आए 17 पर्यटक कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें एक भारतीय भी शामिल है। कुल 21 पर्यटक भारत आए थे जिनमें से 17 को कोरोना से संक्रमित पाया गया है।  डॉ. हर्षवर्धन ने जानकारी दी है कि भारत में अबतक कोरोना वायरस के 28 केस पाए गए हैं, जिनमें दिल्ली में एक केस भी शामिल है। इन 28 केस में से तीन मरीज ठीक हो चुके हैं, जो कि केरल से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोनो वायरस लक्षणों के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच की जानी चाहिए। बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन बुधवार को दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोरोनोवायरस के संबंध में तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक बैठक की।  उन्होंने कहा कि हमने अस्पतालों को सुविधाएं बढ़ाने को कहा है। उन्होंने कहा कि सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कोरोना वायरस के लक्षणों के लिए जांच की जाएगी। डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि 28 मरीजों में से अब तक तीन ठीक हुए हैं। इसे लेकर हमने पहले ही 15 लैब बनाए थे। अब 19 और लैब बना दिए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा, 'हमने दिल्ली में सभी अस्पतालों से अच्छी गुणवत्ता वाले आइसोलेशन वार्ड विकसित करने का अनुरोध किया है।' इससे पहले मंगलवार को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच एक बैठक के बाद  दिल्ली के सीएम ने कहा था कि केंद्र-राज्य सरकार घातक बीमारी के प्रकोप को रोकने के लिए मिलकर काम करेगी।

नोएडा में छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

दिल्ली में संक्रमित युवक के संपर्क में आए नोएडा के छह लोगों के सैंपल मंगलवार को लिए गए थे। अब इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। गौतम बुद्ध नगर के जिला अधिकारी ने बताया कि छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, मगर अब भी इन्हें इनके घरों में 14 दिनों के लिए अलग (क्वारंटाइन) रखा गया है। अगर कोरोनावायरस के लक्षण विकसित होते हैं तो हम इनकी दोबारा जांच करेंगे। सरकार और प्रशासन इस पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

ये सभी लोग दिल्ली के कोरोना वायरस से पीड़ित शख्स के संपर्क में आए थे। दिल्ली का यह शख्स 25 फरवरी को इटली से लौटा था। इसके बाद उनसे एक होटल में बर्थडे पार्टी दी थी। इसी पार्टी में कई लोग उसके संपर्क में आए थे।

10 लाख से ज्यादा का स्क्रीनिंग

दिल्ली और तेलंगाना में एक-एक शख्स जबकि जयपुर में एक विदेशी नागरिक में कोरोना के वायरस की पुष्टि हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोगों में संक्रमण का संदेह है। इनकी निगरानी की जा रही है। अभी तक यूपी और उत्तराखंड, बिहार, सिक्किम और नेपाल सीमा से सटे जगहों पर 10 लाख से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है।

दिल्ली में दहशत

भारत में कोरोना वायरस के 5 मामले की पुष्टि होने के बाद लोग अब बेहद सतर्क हो गए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में दो स्कूलों को ऐहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। मगर कोरोना के खौफ की वजह से पेरंट्स बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। दरअसल, दिल्ली के एक शख्स के कोरोना से पीड़ित पाए जाने के बाद भारत में कोरोना का खौफ तेजी से फैला है। पीड़ित शख्स ने एक बर्थडे पार्टी दी थी जिसमें नोएडा के के स्कूल के कुछ बच्चे भी शामिल हुए थे। इस शख्स में कोरोना की पुष्टि होने के बाद 2 स्कूलों को बंद कर दिया गया।

जरूरतमंद देशों के लिए वर्ल्ड बैंक ने जारी किया सहायता पैकेज

कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अब वर्ल्ड बैंक भी सामने आ गया है। इसने जरूरतमंद देशों के लिए 12 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। वर्ल्ड बैंक के प्रेजिडेंट डेविड मालपास ने कहा, 'इसका लक्ष्य तेज व प्रभावी ऐक्शन उपलब्ध कराना है ताकि देशों की जरूरतें पूरी हो सकें।' उन्होंने कहा कि गरीब देशों के ऊपर कोरोना के कारण पड़ने वाले अतिरिक्त भार को समझना महत्वपूर्ण है जिनके पास कोविड-19 वायरस से निपटने के लिए जरूरी उपकरण नहीं हैं। फंड का कुछ हिस्सा गरीब देशों को दिया जाएगा। वहीं, फंड का इस्तेमाल मेडिकल उपकरण या हेल्थ सर्विस में किया जाएगा। बैंक ने बयान जारी कर बताया कि जरूरतमंद देशों को नीतिगत सुझाव भी दिए जाएंगे।

अमेरिका में अब तक 9 लोगों की मौत

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं 27 लोग इससे संक्रमित है और 236 लोगों को निगरानी में रखा गया है। मरने वालों में सबसे ज्यादा किंग काउंटी शहर से हैं यहां 8 लोगों की मौत हुई है।

ईरान ने रिहा किए 54 हजार कैदी

कोरोना वायरस के संकट को रोकने के लिए ईरान ने करीब 54 हजार कैदियों को रिहा किया है। जेलों में कैदियों की ज्यादा संख्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इन्हें जमानत पर छोड़ा गया है।

पीएम मोदी की अपील- कोरोनावायरस से घबराए नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आगरा से कोरोना वायरस के 6 नए संदिग्ध मामले सामने आने के बाद लोगों से न घबराने और साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, "घबराने की जरूरत नहीं है। हमें साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। खुद की सुरक्षा के लिए छोटा मगर महत्वपूर्ण कदम उठाएं।" उन्होंने साथ ही एक पोस्टर ट्वीट किया, जिसमें सामान्य साफ-सफाई के तौर-तरीकों के बारे में बताया गया है, जिसमें लगातार हाथ धोने और आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने के लिए कहा गया है, ताकि वायरस न फैले। ट्वीट में एक नियंत्रण कक्ष की भी जानकारी दी गई है। इससे पहले दिन में, संसद में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मोदी के बीच स्वास्थ्य के मुद्दे पर चर्चा हुई।

क्या है कोरोना वायरस

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक कोरोना वायरस सी-फूड से जुड़ा है। कोरोना वायरस विषाणुओं के परिवार का है और इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। यह वायरस ऊंट, बिल्ली तथा चमगादड़ सहित कई पशुओं में भी प्रवेश कर रहा है। खास स्थिति में पशु मनुष्यों को भी संक्रमित कर सकते हैं। इस वायरस का मानव से मानव संक्रमण वैश्विक स्तर पर कम है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad