Advertisement

जम्मू-कश्मीरः शोपियां मुठभेड़ में पांच आतंकवादी ढेर, तीन जवान घायल

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने फिर से घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो)...
जम्मू-कश्मीरः शोपियां मुठभेड़ में पांच आतंकवादी ढेर, तीन जवान घायल

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने फिर से घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो) शुरू किया। सुरक्षा बलों और आंतकवादियों के बीच मुठभेड़ में अभी तक पांच आतंकवादी मारे गए, जबकि तीन जवान घायल हुए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। इस दौरान किसी भी तरह की अफवाहों के फैलने से रोकने के लिए एहतियातन शोपियां में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने सुबह यूनीवार्ता को बताया कि मुख्य शहर शोपियां में घनी आबादी वाले जन मोहल्ला में एक स्थानीय मस्जिद में घुसे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच रात से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है।

सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इलाके में डेरा डाले हुए हैं और आतंकवादियों के खिलाफ अभियान की निगरानी कर रहे हैं। आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण करने से इन्कार कर दिया और वह सुरक्षा बलों पर लगातार गोलीबारी कर रहे हैं।

राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने कल शाम शोपियां के मुख्य शहर जन मोहल्ला में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद कासो अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान हालांकि जब सुरक्षा बल आतंकवादियों की ओर बढ़ रहे थे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी मस्जिद से इलाके में तैनात सुरक्षा बलों पर गोलियां चला रहे हैं। आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में आज सुबह सुरक्षाबलों ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया और मुठभेड़ में तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

उन्होंने बताया कि ताजा स्थिति के अनुसार मुठभेड़ में दो और आतंकवादी मारे गए हैं। इसके साथ ही मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गयी है, जबकि इलाके में तलाश अभियान जारी है।
सुरक्षा बलों ने शाेपियां शहर के सभी मार्गों को बंद कर दिया है और लोगों को घर के अंदर रहने को कहा है। शहर की दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं और कासो अभियान शुरू होने के बाद इलाके में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गयी है। किसी भी प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरे शहर में सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad