Advertisement

इंदिरा, राजीव के हत्यारे से लेकर अफजल गुरु तक, 10 बड़े मुकदमे जिनकी राम जेठमलानी ने की पैरवी

देश के प्रमुख वकीलों में शुमार राम जेठमलानी का लंबी बीमारी के बाद 95 साल की उम्र में रविवार को निधन हो...
इंदिरा, राजीव के हत्यारे से लेकर अफजल गुरु तक, 10 बड़े मुकदमे जिनकी राम जेठमलानी ने की पैरवी

देश के प्रमुख वकीलों में शुमार राम जेठमलानी का लंबी बीमारी के बाद 95 साल की उम्र में रविवार को निधन हो गया। जेठमलानी ने 17 साल में लॉ की पढ़ाई पूरी कर ली थी और 18 साल की उम्र से वकालत शुरू कर दी थी। जेठमलानी ने राजीव गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के आरोपियों से लेकर चारा घोटाला मामले में आरोपी लालू प्रसाद यादव तक का मुकदमा लड़ा था।

राम जेठमलानी इंदिरा गांधी की हत्या के दोषी केहर सिंह और सतवंत सिंह और राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषी मुरुगन के बचाव में कोर्ट में प्रस्तुत हुए थे। आइए जेठमलानी के मशहूर मुकदमों के बारे में जानें...

1- राम जेठमलानी वकील के तौर पर 1959 में केएम नानावती बनाम महाराष्ट्र सरकार मामले से प्रसिद्ध हो गए। जेठमलानी ने यह मामला यशवंत विष्णु चंद्रचूड़ (वाईवी चंद्रचूड़) के साथ केस लड़ा था। चंद्रचूड़ देश के चीफ जस्टिस भी बने।

2-पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के आरोपियों सतवंत सिंह और केहर सिंह की पैरवी के लिए जब एक भी वकील सामने नहीं आया तब राम जेठमलानी ने उनकी ओर से मुकदमा लड़ा था।

3-जेठमलानी ने राजीव गांधी की हत्या के आरोपी वी. श्रीहरन (मुरुगन) की भी शीर्ष अदालत में पैरवी की। 2015 में दी गई उनकी यह दलील पर विवाद भी हुआ था कि राजीव गांधी की हत्या 'भारत के खिलाफ अपराध' नहीं है। 21 मई, 1991 को तमिलनाडु में चेन्नई के करीब श्री पेरुंबुदूर में हुए आत्मघाती बम हमले में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी सहित 19 लोगों की मौत हो गई थी।

4- 1960 के दशक में मुंबई के मशहूर डॉन हाजी मस्तान के स्मगलिंग से जुड़े कई मामलों की राम जेठमलानी ने पैरवी की थी।

5- जेठमलानी ने 2001 में संसद पर हमले के दोषी मोहम्मद अफजल गुरु का केस भी लड़ा था। उन्होंने अफजल की फांसी की सजा बदलने की मांग की थी। साथ ही जेठमलानी ने सरकार पर आरोप लगाया था कि गुरु को उसके मर्जी का वकील नहीं दिया गया। उन्होंने कहा था कि अफजल गुरु पर उचित तरीके से मुकदमा नहीं चलाया गया।

6- जेठमलानी ने  हवाला जैन डायरी मामले में फंसे बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का केस लड़ा और इसमें उन्होंने जीता भी था।

7- जेठमलानी ने चारा घोटाले से जुड़े मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के लिए 2013 में पैरवी की थी।

8- सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले में मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से अदालत में पेश हुए थे।

9-वे जेसिका लाल मर्डर केस में जेठमलानी मनु शर्मा की तरफ से पेश हुए थे।

10- राम जेठमलानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ मानहानि का केस भी लड़ चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad