Advertisement

यूक्रेन-रूस संघर्ष और बूचा हत्याकांड पर एस जयशंकर ने संसद में दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा?

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जंग जारी है। यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना ने कीव के पास बूचा...
यूक्रेन-रूस संघर्ष और बूचा हत्याकांड पर एस जयशंकर ने संसद में दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा?

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जंग जारी है। यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना ने कीव के पास बूचा शहर में सामूहिक तौर पर कत्लेआम मचाया है। उनका आरोप है कि यूक्रेनी सेना ने बूचा में कई निर्दोष लोगों की जान ली है। बूचा की इस घटना पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लोकसभा में बयान दिया।

सदन को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि युद्ध से विवाद का हल नहीं निकल सकता। विवाद का हल बातचीत एवं कूटनीति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने बूचा नरसंहार की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कई सांसदों ने बूचा में घटना को उठाया। हम रिपोर्टों से बहुत व्यथित हैं। हम वहां हुई हत्याओं की कड़ी निंदा करते हैं। यह एक अत्यंत गंभीर मामला है, हम स्वतंत्र जांच के आह्वान का समर्थन करते हैं।

विदेश मंत्री ने कहा कि हम संघर्ष(रूस-यूक्रेन विवाद) के खिलाफ हैं। हमारा मानना है कि खून बहाकर और मासूमों की जान की कीमत पर कोई समाधान नहीं निकाला जा सकता है। संवाद और कूटनीति किसी भी विवाद का सही समाधान है।

विदेश मंत्री ने कहा कि हमारा मानना है कि खून एवं रक्तपात और निर्दोष लोगों के मारने से किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता। आज के समय में किसी भी विवाद का हल निकालने का सही तरीका बातचीत एवं कूटनीति है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को यूक्रेन की स्थिति पर लोकसभा में कहा कि भारत संघर्ष के पूरी तरह से खिलाफ है और तत्काल हिंसा समाप्त करने के पक्ष में हैं तथा इस मुद्दे पर उसने कोई पक्ष चुना है तो वह शांति का पक्ष है। नियम 193 के तहत निचने सदन में यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत का रुख राष्ट्रीय विश्वास एवं मूल्यों, राष्ट्रीय हितों और राष्ट्रीय रणनीति के तहत निर्देशित है। हम संघर्ष के पूरी तरह से खिलाफ हैं। हम मानते हैं कि हिंसा एवं निर्दोष लोगों के जीवन की कीमत पर कोई समाधान नहीं निकल सकता। संवाद और कूटनीति ही एकमात्र उपाय है।’’

एस जयशंकर ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थितियों में हमारा मानना है कि सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी अंतरराष्ट्रीय कानूनों तथा सभी की क्षेत्रीय अखंडता एवं सम्प्रभुता का सम्मान करना चाहिए। यूक्रेन की स्थिति के संदर्भ में विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘भारत ने अगर कोई पक्ष चुना है, तो वह शांति का पक्ष है। हम तत्काल हिंसा समाप्त करने के पक्ष में हैं। यह रुख संयुक्त राष्ट्र सहित सभी मंचों पर हमने रेखांकित किया है।’’

यूक्रेन के बूचा शहर में काफी संख्या में शव मिलने से जुड़ी घटना पर जयशंकर ने कहा, ‘‘ हम इस रिपोर्ट से काफी परेशान हैं। हम इन हत्याओं की निंदा करते हैं। हम इस घटना की स्वतंत्र जांच कराने के आह्वान का समर्थन करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि यूक्रेन की स्थिति का भारत और दुनिया के अन्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है और हम इस पर ध्यान दे रहे हैं। विदेश मंत्री ने चर्चा में कुछ विपक्षी सदस्यों की टिप्पणियों के परोक्ष संदर्भ में यह भी कहा कि यूक्रेन की स्थिति के संबंध में भारत के कदमों को राजनीतिक रंग देने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad