Advertisement

मुंबई में मिला कोरोना वायरस का नया वेरिएंट XE! बीएमसी ने की पुष्टि लेकिन सरकारी सूत्रों ने नकारा

देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर का कहर अब थम चुका है। रोजाना दर्ज किये जाने वाले मामलों में भी भारी...
मुंबई में मिला कोरोना वायरस का नया वेरिएंट XE! बीएमसी ने की पुष्टि लेकिन सरकारी सूत्रों ने नकारा

देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर का कहर अब थम चुका है। रोजाना दर्ज किये जाने वाले मामलों में भी भारी गिरावट आई है। कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद ज्यादातर राज्यों में पाबंदियों को खत्म कर दिया गया है। कई राज्यों से तो मास्क की अनिवार्यता को भी खत्म कर दी गई है। इन सबके बीच भारत में कोरोना के नए वेरिएंट ने दस्तक दी है। मुंबई में कोरोना वायरस के XE वैरिएंट का एक मरीज मिला है। हालांंकि सरकारी सूत्रों ने इस खबर से इनकार कर दिया है। 

कोरोना के नए वेरिएंट XE की खबरें आने के बाद सरकारी सूत्रों ने उन सभी मीडिया रिपोर्टों का खंडन कर दिया है, जिसमें मुंबई में मिलने वाले कोरोना वायरस के नए मामले की पुष्टि की गई थी। 

बता दें कि मुंबई में नए वेरिएंट के केस की पुष्टी के बाद हड़कंप मच गया है। मुंबई में कोरोना के XE वेरिएंट के मरीज मिले हैं। वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए कुछ लोगों के सैंपल लिए गए थे। कुल 376 सैंपल लिए गए थे, जिनकी जांच में एक मरीज में कोरोना के XE वैरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई।

गौरतलब है कि मुंबई में हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण के मामलों में काफी कमी देखी गई है। आज मुंबई में कोरोना के 51 नए मामले दर्ज हुए हैं। मुंबई में 5 अप्रैल को कोरोना वायरस के 56 मामले आए थे, जबकि 4 अप्रैल को केवल 18 मामले आए थे।

नवीनतम सीरो सर्वे रिपोर्ट में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बुधवार को कहा कि उसे ‘XE वेरिएंट’ और ‘कप्पा वेरिएंट’ का एक-एक मामला मिला है। एक अधिकारी ने बुधवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि इसके अलावा कप्पा वेरिएंट के एक मामले की भी पुष्टि हुई है। कुल 230 रोगियों में से जिनके नमूने सीरो सर्वेक्षण के लिए भेजे गए थे, उनमें से 21 को बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, किसी भी मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट या गहन देखभाल की जरूरत नहीं थी। रिपोर्ट के मुताबिक नए वेरिएंट से संक्रमित मरीजों में कोई गंभीर लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।

इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने आशंका जताई है कि यह वैरिएंट सबसे तेजी से फैलने वाला साबित हो सकता है। भारत में कोरोना केसों में लगातार कमी देखी जा रही है और एक्टिव मामलों की संख्या तेजी से कम होते हुए 15 हजार से कम रह गई है। ऐसे में अब XE वैरिएंट का पाया जाना चिंताएं बढ़ाने वाला है।  

बता दें कि चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में एक बार फिर से कोरोना सिर उठा रहा है। चीन की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले शंघाई में लॉकडाउन की स्थिति है और एक दिन में लाखों टेस्ट किए जा रहे हैं।  

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad