Advertisement

दिल्ली में आज आमने-सामने होंगे मोदी और प्रियंका, छठे चरण की जंग हुई तेज

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इस...
दिल्ली में आज आमने-सामने होंगे मोदी और प्रियंका, छठे चरण की जंग हुई तेज

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इस चरण में दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर भी मतदान होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में सातों लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के लिये एक बड़ी चुनावी सभा को संबोंधित करने वाले हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी दिल्ली में होंगी और रोड शो करेंगी। दिल्ली के अलावा आज हरियाणा में भी पीएम मोदी की चुनावी सभा है। 12 मई को दिल्ली और हरियाणा में मतदान होना है, छठे चरण में 7 राज्यों की कुल 59 सीटों पर वोट डाले जाने है।

पीएम आज दिन में हरियाणा के फतेहाबाद और अंबाला में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे तो वहीं शाम को वे राजधानी दिल्ली में रहेंगे। पीएम मोदी की ये दिल्ली में इकलौती सभा होगी, उनकी रैली रामलीला मैदान में आयोजित की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा का दावा है कि रामलीला मैदान में लाखों लोगों की भीड़ पीएम मोदी को समर्थन देगी। रामलीला मैदान में 1 लाख लोगों के प्रवेश की क्षमता है। इससे पहलवे मंगलवार देर शाम तक महारैली को लेकर तैयारियां आखिरी दौर में रहीं। महारैली के लिए भाजपा ने 50 हजार युवा कार्यकर्ताओं को भी निमंत्रण दिया है। इनको सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने और नारेबाजी करने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रियंका का रोड शो

इधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका का नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली में रोड शो है। दिल्ली में कांग्रेस ने शीला दीक्षित, अजय माकन और अरविंदर सिंह लवली जैसे बड़े चेहरों को मैदान में उतारा है। प्रियंका गांधी का रोड शो शाम चार बजे उत्तर-पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए शुरू होगा। इसके बाद शाम 7 बजे दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में रोड शो करेंगी। यह रोड शो पुष्प विहार से शुरू होकर दक्षिणपुरी वाल्मीकि मार्ग होते हुए अंबेडकर नगर, देवली व संगम विहार विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगा। इसी तरह उत्तर-पूर्वी दिल्ली में आयोजित रोड शो बाबरपुर, घोंडा, सीलमपुर और रोहताश नगर विधानसभा से गुजरेगा।

केजरीवाल भी करेंगे रोड शो

कांग्रेस और भाजपा के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आज रोड शो करेंगे। गौरतलब है कि पिछले रोड शो में उनपर हमला हुआ था, लिहाजा आज केजरीवाल के रोड शो में सुरक्षा कड़ी की जाएगी। वहीं कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू आज तिलकनगर में चुनावी सभाएं करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad