Advertisement

झारखंड में बैटरी चोरी के आरोप में दो लोगों की पिटाई, एक की मौत

झारखंड के बोकारो जिले में फिर एक बार मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के...
झारखंड में बैटरी चोरी के आरोप में दो लोगों की पिटाई, एक की मौत

झारखंड के बोकारो जिले में फिर एक बार मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में बुधवार को करीब आधा दर्जन लोगों ने ट्रक की बैटरी चोरी के आरोप में दो लोगों को घेर कर पीटा, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक पी मुरुगन ने बताया कि पुलिस को आज दिन में सूचना मिली थी कि गोविंदपुर में ट्रक की बैटरी चोरी करने के आरोप में लगभग आधा दर्जन लोग दो लोगों की पिटाई कर रहे हैं, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकतर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा पिटाई करने से मुख्तार अंसारी नाम के एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अख्तर अंसारी की हालत चिंताजनक है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने प्रेमचंद महतो, हेमलाल महतो, नंदन महतो, कुंदन महतो एवं प्रेमचंद महतो की पत्नी नैना देवी सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुरुगन ने बताया कि बोकारो थर्मल पुलिस ने इस सिलसिले में हत्या, हत्या का प्रयास एवं साजिश करने सहित अन्य धाराओं के तहत कांड संख्या 150/19 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही हैं।

झारखंड में मॉब लिंचिंग के कई मामले

राज्य में मॉब लिंचिंग से संबंधित कई मामले सामने आ चुके हैं। विपक्षी दलों की ओर से तो राज्य को मॉब लिंचिग की फैक्ट्री तक कहा गया। विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद द्वारा झारखंड के सरायकेला में मॉब लिंचिंग की घटना की निंदा करते हुए कहा था कि झारखंड मॉब लिंचिंग की फैक्ट्री बन चुका है। दरअसल इसी सील धतकीडीह गांव में 20 जून को चोरी के शक में पकड़कर बुरी तरह पीटे गए तबरेज अंसारी (22) ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया था। उसे 'जय श्री राम' बोलने के लिए मजबूर किया गया था। अंसारी की पत्नी ने अपने पति की मौत पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उसे समय पर इलाज नहीं दिया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad