Advertisement

देश में कोविड-19 से 15,536 हुए संक्रमित, अब तक 519 की मौत, महाराष्ट्र में 211 ने गंवाई जान

देशभर में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा 15 हजार के पार पहुंच गया है। महाराष्ट्र कोरोना से...
देश में कोविड-19 से 15,536 हुए संक्रमित, अब तक 519 की मौत, महाराष्ट्र में 211 ने गंवाई जान

देशभर में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा 15 हजार के पार पहुंच गया है। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है, यहां 24 घंटे में  328 नए मामले सामने आए हैं और 10 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में यह आंकड़ा 3,648 तक हो गया है और 211 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें मुंबई में मरीजों की तादाद 2 हजार के पार है।   covid19india.org के मुताबिक, देशभर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 15,536 हो गई है, जिनमें 12,746 एक्टिव पेशेंट हैं जबकि 2,271 ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक 519 लोगों की जानें जा चुकी हैं। 24 घंटे में 1184 मामले सामने आए हैं और 33 लोग जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 1707 हुई

वहीं, दिल्ली में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 1707 पहुंच गई है और 42 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। तो मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में 92 मामले सामने आए हैं और आंकड़ा 1402 हो गया और 69 लोग अपने जान गंवा चुके हैं।

हजार का आंकड़ा पार करने वाला गुजरात छठा राज्य

गुजरात में भी कोरोना मरीजों की संख्या एक हजार के पार हो गई। शुक्रवार को यहां 92 नए मामलों की पुष्टि हुई और यह संख्या बढ़कर 1099 हो गई। दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और राजस्थान में पहले ही कोरोना संक्रमितों की संख्या एक हजार पार हो गई है। जबकि महाराष्ट्र में यह संख्या तीन हजार से अधिक हो चुकी है।

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि 92 नए मामलों में से सर्वाधिक 45 केस अहमदाबाद में रिपोर्ट हुए। जबकि सूरत में 14, वडोदरा में 9 केस सामने आए। जबकि दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। वडोदरा में 31 साल के एक युवक की मौत हो गई, जबकि अहमदाबाद में 55 साल के अधेड़ की भी कोरोना से जान चली गई। गुजरात में 38 लोग अब तक कोरोना की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, 74 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

मुंबई में नौसेना के 20 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए

नौसेना के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में एक नौसैनिक अड्डे पर नौसेना के 20 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पहला मामला सात अप्रैल को वहां के आईएनएस आंग्रे बेस पर दर्ज किया गया था। प्रभावित कर्मियों के संपर्क में आने वाले अन्य सभी व्यक्तियों की भी जांच की गई है। इन सभी को मुंबई स्थित नेवी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

 

नोएडा में एक तिहाई लोग ठीक हुए

यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में 92 संक्रमितों में से एक तिहाई, यानी 33 लोग स्वस्थ्य हुए या अस्पताल से निकल गए। पिछले 24 घंटे में यहां एक भी नए मामले सामने नहीं आए हैं।

तमिलनाडु में एक दिन में 30 को अस्पताल से छुट्टी

चेन्नई। देशभर में कोरोना के बढ़ते नए मामलों के बीच तमिलनाडु में 30 मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। सभी लोगों का चेन्नई के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। गवर्नमेंट ओमेंदुरार मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डीन नारायण बाबू ने बताया कि इस अस्पताल में 95 कोरोना मरीज भर्ती थे। उपचार के बाद 30 ठीक हो गए। बीते 16 दिनों में दो बार हुए इनकी टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई।

ओडिशा में दो दिन से नया मामला नहीं

ओडिशा में बीते 48 घंटे में कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इस अवधि में जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। राज्य में अब तक 60 मामले आए हैं। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है।

राजस्थान में 38 नए मामलों की पुष्टि

राजस्थान में कोरोना से 56 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 38 नए मामले सामने आए और प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1169 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को इस शख्स की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। गुरुवार रात उसकी जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में मौत हो गई। 16 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।

राजस्थान में पुलिसकर्मियों पर हमला

राजस्थान के टोंक में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम पर शुक्रवार को स्थानीय लोगों के समूह ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन कांस्टेबल घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन शर्मा ने बताया कि घायल कांस्टेबल रामराज, राजेंद्र और बागचंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, केस दर्ज

महाराष्ट्र में एक महिला पुलिसकर्मी से मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। ठाणे में कार रोकने पर निशांत देशमुख नाम के आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट की और फरार हो गया।

छत्तीसगढ़ में तीन और मरीज मिले

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोरोना के तीन नए मामले मिले। प्रदेश में इस संक्रमण की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़कर 36 हो गई। अब तक 23 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

कर्नाटक में एक दिन में सर्वाधिक 38 केस

कर्नाटक में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 353 हो गया। शुक्रवार को प्रदेश में 38 नए मामले रिपोर्ट हुए। यह एक दिन में अब तक का सर्वाधिक मामला है। 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 82 मरीज स्वस्थ हो गए।

मेघालय में परिवार के दो लोग संक्रमित

पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में शुक्रवार को दो नए केस सामने आए। दोनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस महामारी की चपेट में लोगों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इनमें से एक की मौत हो चुकी है।

बिहार में 6 माह और दो साल का बच्चा संक्रमित

बिहार में 11 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अकेले नौ पॉजिटिव केस मुंगेर में पाए गए। इसमें छह माह का बच्चा और दो साल का एक लड़का भी शामिल है। बिहार के प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने बताया कि प्रदेश में 83 लोग इस संक्रमण की चपेट में हैं।

आंध्र को मिली एक लाख रैपिड टेस्टिंग किट

दक्षिण कोरिया से विशेष विमान से भेजा गया एक लाख रैपिड टेस्टिंग किट शुक्रवार को आंध्र प्रदेश पहुंच गया। मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस की जांच में तेजी आएगी। इस टेस्टिंग किट के जरिये डॉक्टर 10 मिनट में संक्रमण का पता कर सकते हैं। इससे मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad