इजराइल-हमास संघर्ष के बीच'ऑपरेशन अजय' के तहत भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी का अभियान जारी है। इसी कड़ी में तेल अवीव से भारतीयों का तीसरा जत्था एक विशेष उड़ान से देर रात दिल्ली पहुंचा। इस जत्थे में 197 भारतीय शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने इस्राइल से निकाले गए भारतीय नागरिकों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
बता दें कि भारतीय नागरिकों का यह जत्था भारतीय समयानुसार रात 8.10 बजे इजराइल से रवाना हुआ था। यह भारतीय यात्री रात में करीब दो बजे दिल्ली पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के नागरिकों की सेवा करने के लिए समर्पित हैं। उनके इसी समर्पण के कारण भारतीय नागरिकों की इस्राइल से सुरक्षित निकासी की जा रही है। सभी अपने देश लौटने के बाद खुश हैं।
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया था, ‘‘ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है, 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।''
तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि शनिवार को तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। पहली उड़ान स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:40 बजे रवाना हुई। जिसमें 197 यात्री सवार हैं। दूसरा विमान स्थानीय समयानुसार रात 11:00 बजे उड़ान भरने को तैयार है और इसमें 330 यात्री सवार हो सकते हैं। यह उड़ान रविवार तड़के भारत पहुंच जाएगी। ये दोनों उड़ानें एअर इंडिया और स्पाइसजेट की हैं।
गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन अजय' के तहत विशेष उड़ानें उन भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए 12 अक्टूबर को शुरू की गईं, जो गाजा से हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए भीषण हमलों के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर स्वदेश लौटना चाहते हैं। इन हमलों के कारण क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया है।
बता दें कि शनिवार सुबह इजराइल से 235 भारतीयों का दूसरा जत्था दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। जबकि पहली उड़ान से 212 भारतीय लौटे थे। इस तरह अब तक इजराइल से 644 भारतीय वापस आ चुके हैं। केंद्र सरकार ने इजराइल और हमास के बीच जारी जंग के बाद स्वदेश लौटने के इच्छुक लोगों के लिए ऑपरेशन अजय शुरू किया है।
 
                                                 
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    