पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के कार्यभार ग्रहण समारोह के लिए कार्यकर्ताओं की चंडीगढ़ जा रही बस शुक्रवार सुबह मोगा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें तीन लोगों की जान चली गई वहीं 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा में सुबह करीब 7:55 बजे दो बसों की बीच टक्कर हो गई जिसमें 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि एक बस राज्य परिवहन विभाग की थी और दूसरी निजी मिनी बस थी। घटना के बाद ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, सिविल अस्पताल मोगा के उपायुक्त संदीप हंस, डीएसपी धर्मकोट सरदार सुबेग सिंह मौके पर पहुंचे। जानकारी है कि यह बस सिद्द के कार्यभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही थी।
हादसे की जानकारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री ने कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मोगा जिले में बस दुर्घटना के बारे में जानकर दुख हुआ जिसमें 3 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। डीसी मोगा को सभी घायलों को तुरंत पूरा इलाज मुहैया कराने और सरकार को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें - नरम पड़े अमरिंदर, सिद्धू से की मुलाकात, क्या अब खत्म हो जाएगी तनातनी
बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज चंडीगढ़ के पंजाब भवन में नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पार्टी के विधायकों, सांसदों और राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों को चाय पर आमंत्रित किया है।