Advertisement

नहीं रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

लंबे समय से बीमार चल रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का सोमवार सुबह करीब 2 बजे निधन हो गया। अनंत कुमार को...
नहीं रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

लंबे समय से बीमार चल रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का सोमवार सुबह करीब 2 बजे निधन हो गया। अनंत कुमार को कैंसर था, जिसका पिछले काफी वक्त से इलाज चल रहा था। 59 साल के अनंत का पहले लंदन और न्यू यॉर्क में इलाज चला और 20 अक्टूबर को ही उन्हें बेंगलुरु लाकर एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया था। जानकारी के मुताबिक, अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बेंगलुरु के नैशनल कॉलेज में रखा जाएगा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम हस्तियों ने अनंत कुमार के असामयिक निधन पर गहरा शोक जताया है। अनंत कुमार के निधन पर शोक जताते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'अनंत कुमार का निधन देश के सार्वजनिक जीवन में बहुत बड़ी क्षति है, खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए। उनके परिवार, सहयोगी और अनंत शुभेच्छुओं को मेरी सांत्वना।'

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि अहम सहयोगी और दोस्त के निधन से दुखी हूं। अनंत कुमार के परिवार और समर्थकों के लिए संवेदनाएं। उन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत किया।

अनंत कुमार के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'अनंत कुमार जी के निधन से मैं दुखी हूं। उनके परिजनों और मित्रों को मेरी सांत्वना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ओम शांति।'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, 'अनंत जी के निधन से बीजेपी और देश की राजनीति में ऐसा सूनापन पैदा हुआ है जिसे भर पाना मुश्किल है। भगवान उनके परिवार को दुख सहने की क्षमता दे। उनके परिजनों को मेरी सांत्वना।'

अनंत कुमार का जन्म 22 जुलाई 1959 को हुआ था। वह 1996 से बेंगलुरु साउथ लोकसभा सीट से सांसद थे। मोदी सरकार में उन्हें रसायन और उर्वरक मंत्रालय और संसदीय मामलों का मंत्री पद मिला। वह शुरुआत में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े और छात्र राजनीति से होते हुए भाजपा में आए थे।

आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज 

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के सम्मान में देशभर में सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। गृह मंत्रालय ने इसकी घोषणा की।

केंद्र सरकार केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार भी करेगी।

गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया, “केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बाद यह तय किया गया है कि आज पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।”

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad