Advertisement

पाक में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया वापस लौटे, पड़ोसी देश ने नहीं माना भारत का अनुरोध

पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया भारत लौट आए हैं। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए...
पाक में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया वापस लौटे, पड़ोसी देश ने नहीं माना भारत का अनुरोध

पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया भारत लौट आए हैं। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनयिक रिश्ते कम कर लिए थे। सूत्रों के अनुसार राजनयिक रिश्ते घटाने के फैसले पर पुनर्विचार करने के भारत के अनुरोध पर पाकिस्तान द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण बिसारिया कुछ दिनों इंतजार करने के बाद वापस आ गए।

पाक ने नहीं भेजा नवनियुक्त उच्चायुक्त

पाकिस्तान ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह भारत के लिए नव नियुक्त उच्चायुक्त मोईन उल हक को नहीं भेजेगा। भारत में पाक के उच्चायुक्त सुहैल महमूद को विदेश सचिव बनाए जाने के बाद तीन माह पहले हक को नियुक्त किया गया था।

कश्मीर पर पाक ने राजनयिक रिश्ते घटाए

माना जाता है कि बिसारिया ने शनिवार को इस्लामाबाद छोड़ दिया और दुबई होते हुए भारत आ गए। पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के फैसले को एकतरफा बताते हुए राजनयिक रिश्ते घटाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही उसने बिसारिया को निष्कासित कर दिया था। भारत ने पिछले सोमवार को संविधान का अनुच्छेद 370 खत्म करके जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर दिया था और राज्य का विभाजन कर दिया था।

भारत ने जताया था खेद

भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान से अनुरोध किया था कि वह राजनयिक रिश्ते घटाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करे। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान द्वारा उठाए गए कदम खेदजनक है। जम्मू कश्मीर के बारे में फैसला भारत का आंतरिक मसला है।

पाक की आपत्तियों को भारत ने किया खारिज

भारत का कहना है कि जम्मू कश्मीर के बारे में कोई भी फैसला उसका आंतरिक मसला है और यह कदम क्षेत्र की भलाई के लिए उठाया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में विकास की राह खोलने वाले किसी भी कदम से पाकिस्तान का प्रभाव कम होगा। ऐसे में उसकी नकारात्मक प्रतिक्रिया कोई आश्चर्यजनक नहीं है। पाकिस्तान कश्मीर की भावनाओं से खेलता रहा है और सीमा पार आतंकवाद को इसके सहारे वाजिब ठहराता रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad