Advertisement

दादरी के बिसाहड़ा की एक जुदा तस्‍वीर पेश करेगी यह डॉक्यूमेंट्री

उत्तर प्रदेश में दादरी के बिसाहड़ा कांड ने पूरी दुनिया के सामने हिन्दू और मुस्लिमों के बीच रिश्तों की एक स्याह तस्वीर पेश की। लेकिन, यहां की हकीकत इससे बिल्कुल जुदा है। यह दावा किया गया है ग्रेटर नोएडा में हिन्दू-मुस्लिम एकता और स्थानीय संस्कृति को पेश करती डॉक्यूमेंट्री ‘द ब्रदरहुड’ में जो जल्द ही रिलीज होने वाली है।
दादरी के बिसाहड़ा की एक जुदा तस्‍वीर पेश करेगी यह डॉक्यूमेंट्री

इस डॉक्यूमेंट्री को मीडियाकर्मी पंकज पाराशर ने निर्देशित किया है। कई मुद्दों पर लघु फिल्म और डॉक्यूमेंट्री बना चुके पंकज पाराशर ने बताया कि 24 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दादरी के बिसाहड़ा गांव से शुरू होती है जहां 28 सितम्बर 2015 की रात कुछ उन्मादी युवकों ने गौ हत्या की अफवाह पर अखलाक नाम व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

यह अकेली घटना इस क्षेत्र की वास्तविक तस्वीर नहीं है। इसमें भाटी गोत्र के हिंदुओं और मुसलमानों के इतिहास को दिखाने के लिए जैसलमेर, सोमनाथ और ग्रेटर नोएडा के ऐतिहासिक स्थलों का फिल्मांकन किया गया है।

सन 1857 की क्रांति से जुड़ी कई ऐतिहासिक घटनाएं ‘द ब्रदरहुड’ में देखने को मिलेंगी जो पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के इतिहास में मायने रखती हैं। इनसे दोनों समुदायों के बीच संबंधों की गहराई पता चलती है।

1947 में आजादी के बाद बंटवारे का दुखदायी दौर पूरे देश को झेलना पड़ा था। लेकिन भटनेर से कोई मुस्लिम परिवार देश छोड़कर पाकिस्तान नहीं गए थे। डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया है कि किस तरह यहां के लोगों ने साथ रहना पसंद किया और मुस्लिम परिवारों को आगे बढ़कर पाकिस्तान जाने से रोक लिया गया था। इसमें हालिया समय के बारे में जानकारी देने के लिए जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह का साक्षात्कार भी शामिल है। भाषा 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad