Advertisement

संसद सुरक्षा चूक मामले में भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा का बयान दर्ज: प्रल्हाद जोशी

संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले की जांच के तहत...
संसद सुरक्षा चूक मामले में भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा का बयान दर्ज: प्रल्हाद जोशी

संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले की जांच के तहत भाजपा के लोकसभा सदस्य प्रताप सिम्हा का बयान दर्ज किया गया है।

जोशी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 13 दिसंबर के सुरक्षा उल्लंघन के मामले में जांच चल रही है और रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद कानून अपना काम करेगा।

जो प्रदर्शनकारी 13 दिसंबर को लोकसभा कक्ष में घुस गए थे और धुआं उड़ाया था, वे सिम्हा के कार्यालय द्वारा जारी किए गए पास पर संसद में दाखिल हुए थे। सिम्हा मैसूर से दो बार के लोकसभा सदस्य हैं।

गौरतलब है कि संसद पर 2001 में हुए आतंकवादी हमले की बरसी के दिन गत 13 दिसंबर को सुरक्षा में चूक की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई थी जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से सागर शर्मा और मनोरंजन डी सदन के भीतर कूद गए थे और उन्होंने नारेबाजी करते हुए ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया था। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया था।

लगभग इसी समय पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली ‘केन’ लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले दो अन्य लोगों अमोल शिंदे और नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया गया था। 

इन लोगों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और कुछ अन्य नारे लगाये थे। पुलिस ने इन चारों आरोपियों के अलावा मामले में ललित झा और महेश कुमावत को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी छह आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad