Advertisement

जेएनयू और रोहित के मुद्दे पर माकपा ने की संसदीय समिति की मांग

माकपा की अगुवाई में आज विपक्ष ने हैदराबाद विश्वविद्यालय के दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या और जेएनयू से जुड़ी घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला और घटनाओं की जांच के लिए एक संसदीय समिति गठित करने की मांग की। वहीं सत्ता पक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि विश्वविद्यालय को देशविरोधी गतिविधियों का केंद्र नहीं बनने देना चाहिए।
जेएनयू और रोहित के मुद्दे पर माकपा ने की संसदीय समिति की मांग

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और हैदराबाद विश्वविद्यालय के विशेष संदर्भ में केंद्रीय उच्चतर शिक्षा संस्थानों में उत्पन्न स्थिति पर राज्यसभा में अल्पकालिक चर्चा की शुरूआत करते हुए माकपा नेता सीताराम येचुरी ने इन घटनाओं की जांच के लिए एक संसदीय समिति गठित करने की मांग की। उन्होंने जेएनयू घटना का जिक्र करते हुए कहा कि विश्वसनीय सबूत के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए लेकिन पूरे विश्वविद्यालय को दंडित करना और उसकी छवि खराब करने का प्रयास करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र रहे लोग आज सरकार के अलावा प्रशासन में भी महत्वपूर्ण पदों पर हैं। ऐसे में पूरे विश्वविद्यालय पर अंगुली उठाना उचित नहीं है। उन्होंने इस क्रम में गृह मंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली पुलिस पर भी निशाना साधा।

 

येचुरी ने अदालत परिसर में छात्रों और पत्रकारों के साथ वकीलों द्वारा मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस अब नियम उलटते हुए छात्रों से कह रही है कि वे अपने को निर्दोष साबित करें। उन्होंने कहा कि अदालत में न्याय के बदले पिटाई की गई और इसमें भाजपा के एक विधायक भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस घटना पर न्यूयार्क टाइम्स के साथ ही यूरोप के एक प्रतिष्ठित अखबार तक में संपादकीय प्रकाशित हुआ जिसमें सरकार, पुलिस आदि के बारे में प्रतिकूल टिप्पणी की गई है। येचुरी ने कहा कि लोगों को संविधान के तहत अधिकार मिले हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने विरोधियों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि वह भी आजादी की बात करते हैं लेकिन यह आजादी मनुवाद, संघवाद, भूख आदि से होनी चाहिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आप जो कहेंगे, वही राष्ट्रवाद नहीं है।

 

वामपंथियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर भी येचुरी ने भाजपा और सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वे अपने विरोधियों का दमन करना चाहते हैं। येचुरी ने सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है। रोहित की आत्महत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति ऐसी बना दी गई कि छात्र को आत्महत्या करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि छात्र की छात्रावृत्ति रोकना हत्या के समान था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केंद्रीय मंत्री ने हस्तक्षेप किया और मंत्रालय के अधिकारियों ने विश्वविद्यालय को कार्रवाई करने के लिए दबाव बनाया। सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हम हमेशा आतंकवाद के खिलाफ रहे हैं और हमें देशभक्ति बताने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ देशद्रोह कानून का इस्तेमाल किया गया और अब छात्रों पर यह कानून लगाया जा रहा है।

 

भाजपा के भूपेंद्र यादव ने जेएनयू की घटना को लेकर माकपा पर निशाना साधते हुए जेएनयू में नौ फरवरी की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां ऐसे पर्चे बांटे गए थे जिसमें देशविरोधी बातें की गई थीं। कांग्रेस, माकपा आदि दलों के कुछ सदस्यों ने यादव का विरोध करते हुए सवाल किया कि उस पर्चे का लेखक कौन है और किसने उसे प्रमाणित किया है। टोकाटोकी के बीच यादव ने कहा कि न सिर्फ पर्चा बांटा गया बल्कि वहां पोस्टर भी लगाए गए थे जिसमें देशविरोधी बातें लिखी हुई थीं। उन्होंने इस क्रम में माकपा के छात्र संगठन एसएफआई द्वरा लिखे गए एक पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर देशद्रोह की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी और आजादी की अभिव्यक्ति के बीच अंतर करना होगा। उन्होंने माकपा पर विशेष रूप से हमला बोला और कहा कि उसे बताना चाहिए कि उसके पोलितब्यूरो में कितने दलित सदस्य हैं।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad