Advertisement

धोनी के आधार कार्ड की जानकारी सार्वजनिक, साक्षी खफा

नागरिकों का आधार कार्ड बनाने में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की मदद करने वाली एक एजेंसी ने कुछ ज्यादा ही उत्साहित होते हुए क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के आधार कार्ड की जानकारी को ट्विटर पर शेयर कर दिया।
धोनी के आधार कार्ड की जानकारी सार्वजनिक, साक्षी खफा

केंद्रीय कानून, सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद को धोनी की पत्नी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। मंत्री ने इस बारे में कार्रवाई करने का वादा किया है।

एजेंसी के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ने कल अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा था, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और उनके परिवार ने वीएलई मारिया फारूकी के सीएसई रांची, झारखंड के केंद्र से अपना आधार कार्ड अपडेट कराया। इस ट्वीट में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को भी टैग किया गया था। ट्वीट में सीएसई प्रतिनिधि के साथ एक फोटो भी शेयर किया गया था। यही नहीं, इसमें क्रिकेटर की निजी जानकारियां भी थीं। बाद में इस ट्वीट को हटा लिया गया।

धोनी की पत्नी साक्षी ने इस बारे में ट्वीट किया था, क्या कुछ निजता बची हुई है? आधार कार्ड की जानकारी और आवेदन समेत सबको सार्वजनिक कर दिया गया है। मंत्री ने साक्षी को इस मुद्दे को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, निजी जानकारी साझा करना गैरकानूनी है और इस बारे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad