Advertisement

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी, कल भारत बंद, कई राजनीतिक दलों का मिला समर्थन

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच किसान 8 दिसंबर को 'भारत बंद' पर अड़े हुए हैं।...
कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी, कल भारत बंद, कई राजनीतिक दलों का मिला समर्थन

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच किसान 8 दिसंबर को 'भारत बंद' पर अड़े हुए हैं। उनके समर्थन में उतरे अलग-अलग राजनीतिक दलों ने किसानों के इस बंद को समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस, बसपा, शिवसेना, एनसीपी, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी समेत देश के तमाम विपक्षी दलों ने बंद का समर्थन किया है। बंद को 15 से अधिक राजनीतिक दलों और कई केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का भी समर्थन है। खिलाडियों और पूर्व सैनिकों ने भी समर्थन देने की बात की है। वहीं, किसानों ने कहा है कि बंद के दौरान चक्का जाम शाम तीन बजे तक रहेगा। दूध-फल-सब्ज़ी पर रोक रहेगी। शादियों और इमरजेंसी सर्विसेज़ पर किसी तरह की रोक नहीं होगी।

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि कृषि से सम्बंधित तीन नये कानूनों की वापसी को लेकर पूरे देश भर में किसान आन्दोलित हैं व उनके संगठनों ने दिनांक 8 दिसम्बर को ’भारत बंद’ का जो एलान किया है, बीएसपी उसका समर्थन करती है।

वहीं महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने केन्द्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर बीते 11 दिन से दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों द्वारा आठ दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद को रविवार को अपना समर्थन दे दिया। राज्यसभा सदस्य अनिल देसाई ने रविवार रात को बताया, 'शिवसेना के अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे किसान-विरोधी तथा श्रमिक-विरोधी केन्द्रीय कानूनों के खिलाफ हैं। हम भारत बंद का समर्थन करते हैं।'

इससे पहले दिन में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने मुंबई में मुख्यमंत्री ठाकरे से मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि ठाकरे ने किसानों के प्रदर्शन को लेकर अकाली दल के रुख का समर्थन किया है।

कांग्रेस ने ऐलान किया है कि वह 8 दिसंबर को भारत बंद का समर्थन करेगी। पार्टी के प्रवक्‍ता पवन खेड़ा ने इसे राहुल गांधी के किसानों को समर्थन को मजबूत करने वाला कदम करार दिया। लेफ्ट पार्टियों ने भी एक संयुक्‍त बयान जारी कर भारत बंद का खुलकर समर्थन किया। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस, लालू प्रसाद यादव की राष्‍ट्रीय जनता दल, तेलंगाना राष्‍ट्र समिति, राष्‍ट्रीय लोकदल ने भी राष्‍ट्रव्‍यापी बंदी का साथ देने का फैसला किया है।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार नौ दिसंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से किसानों के मुद्दे को लेकर मुलाकात करेंगे। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने भी बंद के समर्थन का ऐलान किया है। केजरीवाल ने एक ट्वीट में 'सभी देशवासियों से अपील की कि सब लोग किसानों का साथ दें और इसमें हिस्सा लें।' किसानों के समर्थन में अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश के हर जिले में सपा किसान यात्रा निकालेगी।

बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन 12 वें दिन भी जारी है। किसानों की सरकार के साथ 9 दिसंबर को अगली बैठक होगी। किसानों ने आठ दिसंबर को ‘भारत बंद’ का एलान किया है और चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो वे राष्ट्रीय राजधानी की तरफ जाने वाली और सड़कों को बंद कर देंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad