Advertisement

दिल्ली पुलिस में फेरबदल: सतीश गोलचा बने नया कमिश्नर, सीएम रेखा पर हमला के बाद एक्शन?

गृह मंत्रालय ने गुरुवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त...
दिल्ली पुलिस में फेरबदल: सतीश गोलचा बने नया कमिश्नर, सीएम रेखा पर हमला के बाद एक्शन?

गृह मंत्रालय ने गुरुवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया है। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गोलचा फिलहाल दिल्ली में महानिदेशक (कारागार) के पद पर तैनात थे।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, “योग्य प्राधिकारी की स्वीकृति से श्री सतीश गोलचा, आईपीएस (एजीएमयूटी:1992), जो वर्तमान में महानिदेशक (कारागार), दिल्ली के पद पर तैनात हैं, उन्हें दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त किया जाता है। यह नियुक्ति पदभार ग्रहण की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक लागू रहेगी।”

सतीश गोलचा, एस.बी.के. सिंह की जगह लेंगे। सिंह को गृह मंत्रालय ने 1 अगस्त को दिल्ली पुलिस का कार्यवाहक आयुक्त नियुक्त किया था।

यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। हमलावर राजकोट (गुजरात) का 41 वर्षीय राजेशभाई खीमजीभाई साकरिया था, जो ऑटो चालक है। वह फरियादी बनकर अंदर घुसा और हमले की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम और अन्य लोगों ने उसे काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

कौन हैं सतीश गोलचा?

सतीश गोलचा ने दिल्ली पुलिस में कई अहम पदों पर काम किया है। वे पहले डीसीपी, संयुक्त आयुक्त और विशेष आयुक्त रह चुके हैं। 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के दौरान वे विशेष आयुक्त (कानून-व्यवस्था) थे और अपनी भूमिका के कारण चर्चा में आए।

फरवरी 2022 से जून 2023 तक उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में भी सेवाएं दीं। इसके बाद उन्हें वापस दिल्ली बुला लिया गया। मई 2024 में उन्हें उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने पुलिस स्थापना बोर्ड की सिफारिश पर तिहाड़ जेल का प्रमुख नियुक्त किया था।

अब उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी गई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad