Advertisement

एमसीडी चुनाव 2017 के लिए 109 उम्मीदवारों की घोषणा, 64 युवा चेहरे

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई ने आज दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 109 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस बार के चुनावों के लिए भारी संख्या में युवाओं को मैदान में उतारा है। इन 109 में से 64 पार्टी के युवा चेहरे, 46 सीटें महिलाओं और 3 अनारक्षित सीटों पर भी महिला उम्मीदवारों पर दांव खेला है।
एमसीडी चुनाव 2017 के लिए 109 उम्मीदवारों की घोषणा, 64 युवा चेहरे

इस संबंध में पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पाण्डेय ने बताया कि सभी 272 वार्डों में कार्यकर्ताओं की बैठकें बुलाकर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। जिन उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, उनके नामों पर कार्यकर्ताओं के अलावा स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों ने विचार किया और इसके बाद चयनित संभावित उम्मीदवारों की सूची पार्टी की पीएसी के समक्ष रखी गई। पीएसी ने आज विचार के लिए रखे गए सभी 109 वार्डों के उम्मीदवारों के नामों को स्वीकृति दी।

दिलीप पाण्डेय ने बताया की बाकी वार्डों में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने दिल्ली के नगर निगमों में गत बीस वर्षों में भ्रष्टाचार का साम्राज्य कायम कर दिया है। इस बार दिल्ली के लोग नगर निगम चुनावों में झाड़ू चलाएंगे और दिल्ली को भ्रष्टाचार से आज़ादी दिलाएंगे।

गौरतलब है कि तीनों नगर निगम के लिए अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक चुनाव होना संभावित है। इसके लिए मार्च के पहले से दूसरे सप्ताह में अधिसूचना जारी होने की संभावना है। निगमों के 272 वार्डों के लिए आप के पास 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad