Advertisement

"केंद्र के अध्यादेश" के खिलाफ "आप" की जंग जारी, दिल्ली में होगी महारैली

केंद्र सरकार के "दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण" वाले अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी की...

केंद्र सरकार के "दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण" वाले अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई में दिन प्रतिदिन एक नई कड़ी जुड़ती दिख रही है। अब पार्टी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में महा रैली करने जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय और सांसद संजय सिंह रैली को संबोधित करेंगे। 

 

बता दें कि अरविंद केजरीवाल के बुलावे पर "अध्यादेश" के कानूनी और संवैधानिक मूल्यों पर बात करने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल भी रैली में शामिल होंगे। रैली के लिए दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान के इर्द गिर्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विदित हो कि 23 मई से, केजरीवाल ने अध्यादेश के खिलाफ विपक्षी दलों से समर्थन लेने के लिए देशव्यापी दौरे की शुरुआत की थी।

 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने अबतक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मुलाकात की है। 

 

बुधवार को, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी गैर भाजपाई दल एक साथ आते हैं तो हम राज्य सभा में केंद्र के अध्यादेश को हरा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण संदेश भी जाएगा। बता दें कि केंद्र सरकार ने 19 मई को अधिकारियों के स्थानांतरण, पोस्टिंग, सतर्कता और अन्य प्रासंगिक मामले' के संबंध में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (GNCTD) के लिए नियमों को अधिसूचित करने के लिए एक अध्यादेश जारी किया था, जो केंद्र बनाम दिल्ली मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को दरकिनार करता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad