Advertisement

अमित शाह ने चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखकर कहा, NDA से अलग होने का फैसला एकतरफा

चंद्रबाबू नायडू की पार्टी TDP के NDA से अलग होने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पहली बार उनके नाम खुला...
अमित शाह ने चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखकर कहा, NDA से अलग होने का फैसला एकतरफा

चंद्रबाबू नायडू की पार्टी TDP के NDA से अलग होने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पहली बार उनके नाम खुला पत्र लिखा है। TDP चीफ को लिखे पत्र में शाह ने फैसले पर सवाल उठाए हैं। शाह ने कहा कि एनडीए सरकार से अलग होने का उनका (चंद्रबाबू नायडू) फैसला एकतरफा और राजनीतिक भावना से प्रेरित था। शाह ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के चीफ मिनिस्टर को यह पत्र लिखा।

उन्होंने कहा, 'यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण और एकतरफा है। यह एक ऐसा फैसला है जिसे विकास संबंधी चिंताओं के बजाय पूरी तरह से राजनीतिक विचारों पर आधारित माना जाएगा।' दरअसल, आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने से नाराज तेलुगू देशम पार्टी ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया। अमित शाह ने इसी फैसले पर पत्र लिखकर प्रतिक्रिया दी है।

पत्र में शाह ने अपनी पार्टी द्वारा आंध्र प्रदेश के लिए किए गए कार्यों को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा जनता के हितों को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश की जनता के विकास और खुशहाली के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी।' गौरतलब है कि हाल में TDP ने बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA से अलग होने की घोषणा की थी। पार्टी के राज्यसभा में 16 सदस्य हैं।

शाह ने लिखा है, 'आपको याद होगा कि पिछले लोकसभा और राज्यसभा चुनाव के दौरान जब आपकी पार्टी का उचित प्रतिनिधित्व नहीं था, बीजेपी ही थी, जिसने एजेंडा सेट किया और यह सुनिश्चित किया कि कठिन परिश्रम करनेवाले दोनों राज्यों के तेलुगू लोगों के साथ न्याय हो।'

चंद्रबाबू नायडू का जवाब

वहीं, अमित शाह के पत्र पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा, 'पत्र झूठी सूचनाओं से भरा हुआ है। इससे उनका रवैये का पता चलता है। आज भी केंद्र नॉर्थ-ईस्ट को विशेष लाभ दे रहा है। क्या आंध्र प्रदेश के साथ ऐसा किया। अब तक राज्य में कई इंडस्ट्री आ जातीं।'


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad