Advertisement

मोदी को पीछे छोड़ छत्‍तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह ने कार्यकाल के पूरे किए 4611 दिन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के पद पर नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है। डॉ. सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में 12 वर्ष 230 दिन का कार्यकाल पूरा कर भाजपा के मुख्यमंत्रियों के इतिहास में एक नया आयाम स्‍थापित कर दिया है। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने अब तक 4611 दिन पूरे कर लिये है।
मोदी को पीछे छोड़ छत्‍तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह ने कार्यकाल के पूरे किए 4611 दिन

रमन सिंह देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री की सूची में 11वें पायदान पर आ गये हैं। आगामी 20 अक्टूबर को वे लंबे कार्यकाल वाले देश के शीर्ष दस मुख्यमंत्रियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. रमन सिंह ने 7 दिसम्बर 2003 को पदभार संभाला था। तब से वह आज तक इस पद पर काबिज हैं। वर्तमान राजनीतिक हालातों में मुख्यमंत्री जैसे अहम पद पर लगातार लंबा कार्यकाल एक बड़ी उपलब्धी मानी जा सकती है। 30 नवम्बर 2000 को जब छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ था उस समय डॉ. सिंह केन्द्र की एनडीए सरकार में राज्यमंत्री थे। राज्य बनने के कुछ समय बाद उन्हें प्रदेश भाजपा की कमान सौंप दी गई। उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में लगातार तीन चुनाव में अपना परचम लहराया। 

डॉ. रमन सिंह से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 हजार 610 दिन पूरे किये थे। देश के आधा दर्जन से अधिक राज्यों में वर्तमान समय में भाजपा की सरकारे हैं, लेकिन कोई भी मुख्यमंत्री अभी उनके रिकार्ड के करीब नहीं पहुंचा। बात करें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की तो उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री के रूप में दस वर्ष 239 दिन पूरे किये हैं। यानी वे डॉ. रमन सिंह से अभी दो साल पीछे हैं। वहीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवरदास, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल में से कोई भी तीन वर्ष से ज्यादा का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया है। मतलब यह सभी मुख्‍यमंत्री रमन सिंह से पीछे हैं। छत्‍तीसगढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सीएम रमन सिंह को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं नेे उनके उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की कामना भी की है।

पूर्व में भाजपा के जो मुख्यमंत्री बने उनमें से किसी का भी कार्यकाल इतना लंबा नहीं रहा। दिल्ली में मदनलाल खुराना 816 दिन और साहिब सिंह वर्मा 929 दिन मुख्यमंत्री रहे। गोवा में वर्तमान रक्षा मंत्री मनोहर पार्रीकर जरुर लंबे समय तक सीएम रहे, लेकिन उनका कार्यकाल कुल 25 सौ 48 दिन का रहा। गुजरात में केशुभाई पटेल 2 कार्यकाल को मिलाकर 1407 दिन सीएम रहे। हिमाचल प्रदेश में प्रेमकुमार धूूमल 2 अलग-अलग कार्यकाल को मिलाकर 37 सौ 83 दिन और शांताकुमार 1369 दिन ही मुख्यमंत्री पद पर रहे। झारखण्ड में अर्जुन मुंडा 2 कार्यकाल को मिलाकर 22 सौ 76 दिन, कर्नाटक में बी.एस. येदियुरप्पा 2 कार्यकाल को मिलाकर 11 सौ 70 दिन, राजस्थान में भैरोसिंह शेखावत 2 अलग-अलग कार्यकाल को मिलाकर 28 सौ 40 दिन और उत्तरप्रदेश में कल्याण सिंह 3 अलग-अलग कार्यकाल को मिलाकर 13 सौ 11 दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad