छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा चुनाव के लिए आज से अपनी यात्रा शुरू की। डॉ. रमन सिंह पिछले तीन चुनाव की तरह इस बार भी विकास यात्रा निकालकर जनता को सौगात देने निकल पड़े हैं। रमन सरकार ने राज्य में चौथी बार सरकार बनाने के लिए महिलाओं और युवाओं को मोबाइल बांटने का ऐलान किया है। रमन सिंह अगले 3-4 महीनो के भीतर 45 लाख मोबाइल बांटेंंगे।
छात्रों को 2 जीबी रैम वाले स्मार्ट फोन देने का ऐलान
प्रदेश में माइक्रोमैक्स कंपनी के दो तरह के स्मार्ट फोन बांटने का ऐलान सीएम ने किया है। उन्होंने अगले दो महीने के भीतर स्मार्टफोन बांटे जाने की बात कही है। बांटे जाने वाले 5 लाख फोन माइक्रोमैक्स के भारत-4 होंगे, जो अपग्रेड वर्जन है। शेष 45 लाख फोन भारत-2 मॉडल के होंगे। अपग्रेड वर्जन प्रदेश भर के छात्रों को दिया जाएगा। इसका रैम 2 जीबी होगा। महिलाओं और अन्य को 1 जीबी रैम का भारत-2 फोन दिया जाएगा। छात्रों को दिए जाने वाले स्मार्ट फोन में 1.4 गीगाहर्ट्ज का प्रोसेसर, 16 जीबी स्टोरेज, 5 मेगा पिक्सल का फ्रंट व 8 मेगा पिक्सल का बैक कैमरा तथा 5 इंच की स्क्रीन होगी। शेष हितग्राहियों को 1.2 गीगाहर्टज प्रोसेसर, 8 जीबी स्टोरेज, 2 मेगापिक्सेल का फ्रंट व 5 मेगा पिक्सल का बैक कैमरा तथा 4 इंच की स्क्रीन वाले फोन दिए जाएंगे।
एंटी इन्कम्बेंसी कम करना मकसद
विधानसभा चुनाव के पहले रमन सरकार का यह सबसे बड़ा राजनीतिक दांव है। 45 लाख स्मार्टफोन बांटने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना भी इस यात्रा के साथ ही शुरू की जा रही है। इसके अलावा धान के बोनस का वितरण भी होगा। इस राज्य के सबसे बड़े वोट बैंक से सरकार सीधे रूबरू होगी। 15 साल की सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती एंटीइनकम्बेंसी यानी सरकार विरोधी माहौल से लड़ने की है। सरकार के रणनीतिकारों का मानना है कि लोगों के मन में कोई गुस्सा है और उसे बोलने का अवसर मिल जाए तो उसका गुस्सा शांत हो जाता है।
विकास यात्रा पर निकलने से पहले डॉ रमन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभा स्थल पहुंचे। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री के विकास रथ को हरी झंडी देकर रवाना किया। इससे पहले संबोधन में उन्होंने कहा कि वे खुद यूपी के सीएम रह चुके हैं। कई राज्यों के सीएम और उनके काम के तरीकों को देख रहे हैं। पर ऐसा करिश्माई सीएम उन्होंने नहीं देखा है जो अपनी जनता को 1 रुपए किलो चावल देता है। जो जनता के पांव की पादुका तक की चिंता करता है। इनकी चावल की योजना ऐसी है कि दूसरे देशों के लोग भी इसके बारे में जानने के लिए यहां आते हैं। वहीं, सीएम रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में दावा कि जब तक वे इस पद पर रहेंगे, दुनिया की कोई भी ताकत नहीं है जो उन्हें गरीब भाइयों-बहनों को 1 रुपए किलो चावल और सस्ते दर पर नमक देने से रोक दें।
सीएम ने कांग्रेस पर किया कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि हमारे कांग्रेस के साथियों को विकास नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि विकास का विरोध करने के लिए कांग्रेस के साथी यात्रा पर निकले हैं। आज राजनांद गांव में विकास ढूंढने निकले हैं। वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को यहां लाएं। उन्हें राजनांदगांव का एक चक्कर लगवाएं। उन्हें पता चल जाएगा कि विकास क्या होता है। इनका अमेठी पिछड़ा हुआ है और हमारे यहां विकास खोज रहे हैं। इस विकास को देखने के लिए चलना पड़ेगा। कमरे में एसी में बैठकर सोशल मीडिया पर प्रहार करने से कुछ नहीं होगा।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 50-60 साल तक ये लोग दुकानदारी करते रहे। गरीब और गरीब हो गया। विकास देखना है तो छत्तीसगढ़ के विकास को देखें। कांग्रेसियों को यहां का विकास नहीं दिखता है। इन्हें अभी 15 साल की सजा मिली है। यही हाल रहा तो आने वाले समय में और 15 सालों तक सत्ता से बाहर रहेंगे।
माओवादी ताकतें गरीबों को गुमराह कर रही हैं
राजनाथ सिंह ने कहा कि माओवादी ताकतें गरीबों को गुमराह कर रही हैं। आदिवासियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ये अच्छी बात है कि वे इस तरह की धारा से जुड़ने से परहेज कर रहे हैं। कुछ भी हो जाए हम पिछड़े क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाएंगे, सड़कें बनाएंगे और विकास करेंगे।
यात्रा के लिए दंतेवाड़ा ही क्यों ?
पहली बार सीएम बनने के बाद रमन सिंह ने 14 साल पहले यहीं से विकास यात्रा शुरू की थी। पूर्व में भी सीएम लगातार दंतेवाड़ा दर्शन के लिए आए हैं।
रमन सिंह दंतेवाड़ा से चुनावी यात्रा शुरू कर राज्य के आदिवासी समुदाय पर कमजोर होती पकड़ को मजबूत करना चाहते हैं। पहले चरण में फोकस उन विधानसभा क्षेत्रों में है, जिन पर भाजपा की पकड़ कमजोर होने की बात कही जा रही है। कहा जा रहा है कि यात्रा में रमन सिंह की जनता का मिजाज भांपने की कोशिश होगी। अगर उनको आवश्यक लगता है तो वे राज्य में आचार संहिता से पहले बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं।
पीछे-पीछे चलेगी कांग्रेस की 'विकास खोजो' यात्रा
रमन सरकार की विकास यात्रा के विरोध में कांग्रेस 13 मई से विकास खोजो यात्रा शुरू करने जा रही है। यह यात्रा दंतेवाड़ा से शुरू होकर प्रदेश में हर उस जगह तक जाएगी, जहां से विकास यात्रा गुजरेगी।