Advertisement

हिमाचल चुनाव संपन्न: 74 फीसदी मतदान, स्वतंत्र भारत के पहले वोटर ने भी डाला वोट

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई जोकि शाम 6 बजे समाप्‍त हो गई। शाम 6 बजे तक 74...
हिमाचल चुनाव संपन्न: 74 फीसदी मतदान, स्वतंत्र भारत के पहले वोटर ने भी डाला वोट

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई जोकि शाम 6 बजे समाप्‍त हो गई। शाम 6 बजे तक 74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2012 में हुए चुनाव में 73.5 फीसदी वोट पड़े थे। प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया कि हमारा लक्ष्य 50 से अधिक सीटें पाने का था, अब हमें लगता है हम 60 का आंकड़ा पार कर सकते हैं। वहीं, वीरभद्र ने भी जीत का भरोसा जताते हुए कहा है कि अगली सरकार भी कांग्रेस की ही होगी और हमें बहुमत प्राप्त होने का पूरा भरोसा है।

मतदान की ख्‍ाास बात यह रही ‌कि स्वतंत्र भारत के पहले वोटर श्याम सरन नेगी ने भी किन्नौर में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि सबको देशहित में काम करना चाहिए। 

श्याम सरन नेगी ने 1951 में हुए स्वतंत्र भारत के पहले आम चुनाव में सबसे पहला मतदान किया था। श्याम सरन नेगी ने 1951 के बाद से हर आम चुनाव में मतदान किया है और उन्हें भारत के सबसे पुराने और पहले मतदाता के रूप में जाना जाता है।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कुछ युवा भी ऐसे थे जो न सिर्फ वोट डालने पहुंचे बल्कि कुछ इस तरह पहुंचे कि सब देखते रह गए। मनाली में अपनी शादी में जाने से ठीक पहले एक दूल्हा वोट डालने पहुंच गया।

दोपहर 12 बजे तक राज्य में 28.6% मतदान दर्ज किया गया जबकि दोपहर 2 बजे तक 54 फीसदी मतदान दर्ज किए जाने की खबर थी। 68 विधानसभा सीटों के लिए आज हिमाचल प्रदेश के चुनाव संपन्न हुए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अर्की, बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर से चुनावी मैदान में हैं। चुनाव में 337 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। चुनाव के नतीजे 18 दिसंबर को आएंगे।

बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोगों ने अब कांग्रेस से छुटकारा पाने की सोच ली है। उन्होंने कहा कि राज्य को प्रेम कुमार धूमल जैसे नेता की जरूरत है। बीजेपी से सीएम पद के उम्मीदवार धूमल ने भी 60 सीटें पार्टी के नाम होने की उम्मीद जताई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad