Advertisement

भाजपा विधायक बोले, 'मुझे फोन करो, मनपसंद लड़की को भगाने में करूंगा मदद'

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक दही हांडी आयोजन के दौरान भाजपा विधायक राम कदम ने लड़कियों को लेकर...
भाजपा विधायक बोले, 'मुझे फोन करो, मनपसंद लड़की को भगाने में करूंगा मदद'

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक दही हांडी आयोजन के दौरान भाजपा विधायक राम कदम ने लड़कियों को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। एएनआई के मुताबिक, घाटकोपर से भाजपा विधायक राम कदम ने इस दौरान युवाओं को संबोधित किया। सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक राम कदम का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह लड़कों की मनपसंद लड़कियां ‘भगाकर’ लाने की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'जब आपको मेरी जरूरत हो, फोन कीजिए। बताइए कि आपने लड़की को प्रपोज कर दिया है और वह तैयार नहीं है और आपको मदद चाहिए। यह गलत होगा लेकिन मैं आपकी मदद करूंगा। मैं क्या करूंगा? मैं आपके माता-पिता से बात करूंगा और अगर उन्हें लड़की पसंद है तो मैं उसे भगाने में आपकी मदद करूंगा।‘

इस बयान का वीडियो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। भाजपा विधायक राम कदम मुंबई के बड़े दही-हांडी आयोजन में शामिल हुए थे। इसमें बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन भी पहुंचे थे।

बयान की आलोचना

भाजपा विधायक के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां सत्तारूढ़ पार्टी के ‘रावण-सरीखे’ चेहरे को सामने लेकर आई हैं। महाराष्ट्र राषट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि कदम लड़कियों के अपहरण के बारे में बोल रहे थे।

मलिक ने कहा, ‘कदम ने जो भी कहा वह बीजेपी के रावण-सरीखे चेहरे का खुलासा करती है। वह किसी लड़के के लिए एक लड़की का अपहरण करेंगे। इसलिए उनको ‘रावण’ कदम कहना चाहिए।’

हालांकि, इस वीडियो क्लिप के बारे में पूछे जाने पर कदम ने कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad