जम्मू और कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
शोपियां जिले के अमशीपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
इस बीच आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता हासिल की। मौके पर बड़ी संख्या में नागरिकों के मौजूद होने के बाद पहले उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
आतंकियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार मिले हैं। अभी भी इलाके में अन्य आतंकियों के फंसे होने की सूचना है। उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। आने-जाने वाली सभी जगहों को बंद कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्धों के बारे में जानकारी मिलने के बाद मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए।
उन्होंने कहा कि मारे गए उग्रवादियों की पहचान और उनके समूह से जुड़े होने का पता लगाया जा रहा है।