झारखंड में दुमका और बेरमो सीट पर तीन नवंबर को होने वाले विधानसभा उप चुनाव के लिए रविवार को भाजपा ने भी अपने
उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
दुमका से पूर्व कल्याण मंत्री लुईस मरांडी और बेरमो से योगेश्वर महतो बाटुल चुनाव लड़ेंगे। दुमका में लुईस का मुकाबला शिबू सोरेन के पुत्र और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन के साथ है वहीं बेरमो में योगेश्वर महतो का मुकाबला कांग्रेस के जयमंगल सिंह से है। 2014 के विधानसभा चुनाव में लुईस और बाटुल दोनों विजयी हुए थे।
बसंत सोरेन सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे जबकि 14 अक्टूबर को जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह नामांकन दाखिल करेंगे। बसंत सोरेन के नामांकन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दुमका में रहेंगे। दुमका सीट हेमंत सोरेन द्वारा खाली की हुई सीट है। बरहेट और दुमको दोनों सीटों से हेमंत जीते थे। दुमका में कोई 13 हजार वोटों से लुईस मरांडी को हराया था। उस समय लुईस मंत्री थीं।
हालांकि उसके पहले के विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री रहते हुए लुईस ने हेमंत को हराया था। बेरमो सीट श्रमिक नेता, इंटक के केंद्रीय महासचिव और इस सीट से छह टर्म विधायक रहे राजेंद्र सिंह की मौत के बाद खाली हुई है। जयमंगल सिंह राजेंद्र सिंह के ही बड़े पुत्र और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं। बेरमो सीट से राजेंद्र सिंह ने भाजपा उम्मीदवार योगेश्वर महतो को 25 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था।