Advertisement

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इकट्ठा हुए 'इंडिया' गठबंधन के नेता, सीएम की पत्नी बोलीं- 'मेरे पति शेर हैं'

दिल्ली शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को...
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इकट्ठा हुए 'इंडिया' गठबंधन के नेता, सीएम की पत्नी बोलीं- 'मेरे पति शेर हैं'

दिल्ली शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया ब्लॉक रैली में विपक्षी नेताओं का तांता लगा रहा। सीएम केजरीवाल की पत्नी समेत अन्य नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा।

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, "मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज़्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे।"

उन्होंने कहा, "यदि आप सब इंडिया गठबंधन को मौका देते हैं तो हम सब मिल कर एक ऐसे महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे, केवल नाम में इंडिया गठबंधन नहीं हैं बल्कि दिल में इंडिया है... मैं(अरविंद केजरीवाल) इंडिया गठबंधन की ओर से 140 करोड़ भारतवासियों को 6 गारंटी देता हूं।"

सुनीता केजरीवाल ने कहा, "पहला-पूरे देश में 24 घंटे बिजली का इतज़ाम करेंगे, दूसरा- पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री करेंगे, तीसरी- हर गांव हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे, चौथा- हर गांव में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे, फ्री इलाज की व्यवस्था करेंगे, पांचवां- किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक एमएसपी पर फसलों की कीमत दिलवाएंगे, छठी- दिल्ली वासियों को उनका हक दिलाएंगे, दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे... यह ऐलान करने से पहले मैंने इंडिया गठबंधन के साथियों से उनकी अनुमति नहीं ली लेकिन उम्मीद है कि किसी को इस पर आपत्ति नहीं होगी... यह गारंटी हम अगले पांच वर्ष में पूरी करेंगे।"

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम लोगों ने पहली रैली पटना में की, दूसरी मुंबई में की और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है... जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है। नफरत की राजनीति की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है।"

उन्होंने कहा, "वे(भाजपा) लोग नारा लगा रहे हैं तो ऐसा लग रहा है कि पहले से ही ईवीएम सेटिंग हो चुकी है। देश में आघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है। देश में सबसे बड़ा कोई दुश्मन है तो बेरोजगारी है, महंगाई है, गरीबी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का नीजिकरण कर दिया। हम लोगों ने बिहार में 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया। आज किसान तबाह हैं, युवा परेशान हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को किसानों से मिलने का समय नहीं है। मोदी जी मिलेंगे तो प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे।"

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "आप(कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल) चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है। कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर चल रहा है? लेकिन अब ये आशंका नहीं सच्चाई है। भाजपा को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं। मेरे भारत का हर कोई डरने वाला नहीं, लड़ने वाला है। और अगर आपमे(भाजपा) हिम्मत है तो भाजपा को मैं चुनौती देता हूं कि आप बाकी सब लोगों को छोड़ दो और अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ईडी, सीबीआई और आईटी है।"

एनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "आज हमारा मकसद सिर्फ एक है कि हम सब संविधान को बचाएं। इंसान को इंसान से लड़ाया जा रहा है। वो सब नेता जिन्हें आज जेल में बंद कर दिया गया है। वे बाहर तभी आ पाएंगे जब आप इस आईन को पकड़ेंगे और चुनाव का समय आएगा आपको वोट देना होगा। आप उस बटन का दबाइएगा जो इस हुकूमत को हराएगा। इंडिया गठबंधन को हम सबको मिलकर मजबूत करना है।"

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, "आज देश बहुत मुश्किल हालात से गुजर रहा है। ऐसा हाल है, ना कोई वकील, ना कोई दलील, ना कोई कार्रवाई, सीधा जेल। शायद कलयुग का अमृतकाल इसी को कहते हैं कि आप बिना कुछ पूछे लोगों को जेल में डाल देते हैं। मैं आपके चुने हुए नुमाइंदों की बात कर रही हूं जिन्हें आप वोट देकर विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, मंत्री बनाते हैं। कैसे उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर बिना कोई वकालत और कार्रवाई के जेल में डाला जाता है। हमने जम्मू-कश्मीर में पिछले 5 साल तक यही देखा है।।जब आप संविधान और कानून का उल्लंघन करते हैं तो वो देशहित में नहीं होता बल्कि देशद्रोह होता है। केजरीवाल और हेमंत सोरेन का क्या कसूर?"

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा, "आज यहां उमड़ा जल सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं उसका अंत करने के लिए यह सभा आज आयोजित हुई है। आज भारत में बाबा साहेब के संविधान से प्राप्त जिनती गारंटियां से उसे एनडीए सरकार द्वारा खत्म किया जा रहा है। इन्होंने हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस किया है। आपको(जनता) अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा।"

इस भव्य रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad