Advertisement

महाराष्ट्र: नगर निकायों में भाजपा ने कांग्रेस और एआईएमआईएम से गठबंधन किया, फडणवीस ने दी चेतावनी

महाराष्ट्र में कुछ नगर निकायों में चुनाव के बाद भाजपा ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और एआईएमआईएम के...
महाराष्ट्र: नगर निकायों में भाजपा ने कांग्रेस और एआईएमआईएम से गठबंधन किया, फडणवीस ने दी चेतावनी

महाराष्ट्र में कुछ नगर निकायों में चुनाव के बाद भाजपा ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और एआईएमआईएम के साथ कथित तौर पर गठबंधन कर लिया है। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐसे गठबंधनों को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें शामिल पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पिछले महीने हुए नगर निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंबरनाथ नगर परिषद में कांग्रेस और अजित पवार की राकांपा के साथ गठबंधन किया था। इस गठबंधन को ‘अंबरनाथ विकास आघाड़ी’ नाम दिया गया और इसमें भाजपा की सहयोगी शिवसेना को बाहर कर दिया गया।

 

इसी तरह, अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में भाजपा ने ऑल इंडिया मज्लिस -ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और कुछ अन्य दलों के साथ गठबंधन किया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने साफ कहा कि ऐसे गठबंधनों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी नहीं है और यह अनुशासन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस या एआईएमआईएम से कोई भी गठबंधन स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिन्होंने ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इस पर शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने कहा कि अकोट और अंबरनाथ की घटनाएं दिखाती हैं कि भाजपा सत्ता के लिए किसी से भी हाथ मिला सकती है।

गौरतलब है कि राज्य में भाजपा, अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के गठबंधन महायुति की सरकार है।

अंबरनाथ में शिवसेना 27 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई थी। इस बीच भाजपा (14), कांग्रेस (12) और राकांपा (4) ने मिलकर गठबंधन बनाया और बहुमत हासिल कर लिया।

भाजपा की तेजश्री करंजुले पाटिल नगर परिषद की अध्यक्ष चुनी गईं। शिवसेना ने इस गठबंधन को “अनैतिक व मौकापरस्ती” बताया।

अकोट में भाजपा ने एआईएमआईएम समेत कई दलों के साथ ‘अकोट विकास मंच’ बनाया। भाजपा को 11 और एआईएमआईएम को पांच सीट पर जीत मिली थी। अन्य दलों के समर्थन से गठबंधन को बहुमत हासिल हो गया। भाजपा की माया धुले महापौर चुनी गईं। कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाडी यहां विपक्ष में रहीं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad