Advertisement

झारखंड में एक और नाबालिग को रेप के बाद जलाया, 70 फीसदी जली हालत में अस्पताल में भर्ती

झारखंड के पाकुड़ जिले में एक नाबालिग लड़की को रेप के बाद जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। इस वारदात...
झारखंड में एक और नाबालिग को रेप के बाद जलाया, 70 फीसदी जली हालत में अस्पताल में भर्ती

झारखंड के पाकुड़ जिले में एक नाबालिग लड़की को रेप के बाद जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। इस वारदात को लड़की के पड़ोसी ने अंजाम दिया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लड़की को 70 फीसदी जली हुई हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार पाकुड़ की घटना शुक्रवार रात की है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार, घटना की जानकारी शनिवार को हुई और इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि लड़की को पश्चिम बंगाल के जांगीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की पुष्टि करते हुए पाकुड़ के एसपी शैलेंद्र प्रसाद बर्णवाल ने कहा कि आरोपी को पीड़िता के बयान के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अॅफेंस (पॉक्सो) के तहत केस दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया गया है। लड़की के परिवार को राहत के तौर 30,000 रुपये की तत्काल मदद दी गई है।

पाकुड़ के उपायुक्त दिलीप कुमार झा ने कहा कि प्रशासन लड़की के इलाज का पूरा खर्च उठाएगा।

पाकुड़ शहर थाना के प्रभारी अधिकारी इंद्रशेखर झा ने बताया कि आरोपी लड़की के घर तब घुसा जब वह घर में अकेली थी। इसके बाद उसने रेप  किया। पीड़िता ने जब कहा कि वह घटना के बारे में परिजनों को बताएगी तो वह लड़की को खींचकर बाथरूम में ले गया और केरोसिन तेल डाल कर आग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि जब ल़ड़की के परिजनों ने चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे वहां पहुंचे और लड़की को जांगीपुर नर्सिंग होम लेकर गए। झा ने बताया कि पुलिस टीम ने लड़की का बयान दर्ज कर लिया है। एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है जब झारखंड में इस तरह की शर्मनाक घटना हुई है। कुछ दिन पहले चतरा के ईटखोरी में एक नाबालिग की गैंगरेप के बाद आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन भी कर दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad