Advertisement

लॉकडाउन के बीच रोजगार का संकट, मुंबई से परिवार के साथ अपने ऑटो रिक्‍शा से मूल निवास को लौटने काे मजबूर ऑटो ​श्रमिक

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के प्रकोप के मद्देनजर देशभर में लागू लॉकडाउन के बीच मुंबई के हजारों ऑटो...
लॉकडाउन के बीच रोजगार का संकट, मुंबई से परिवार के साथ अपने ऑटो रिक्‍शा से मूल निवास को लौटने काे मजबूर ऑटो ​श्रमिक

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के प्रकोप के मद्देनजर देशभर में लागू लॉकडाउन के बीच मुंबई के हजारों ऑटो रिक्शा चालकों ने रोजी-रोटी के संकट के चलते अपने मूल निवास स्थानों को लौटने का सिलसिला तेज कर दिया है। इनमें से ज्यादातर तिपहिया वाहन चालक मुंबई से बिहार और झारखंड के लिए निकल गए हैं। ये लोग मुंबई से आगरा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन का इस्तेमाल करते हुए मध्य प्रदेश से होकर गुजर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लंबी दूरी के इस मुश्किल सफर में लखनऊ भी मुंबई के ऑटो रिक्शा वालों के बड़े पलायन का गवाह बन रहा है। ऑटो रिक्शा और टेक्सियों मे सवार होकर लोग अपने-अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं। महाराष्ट्र में ज्यादातर उत्तर प्रदेश और बिहार के ही लोग हैं, जो ऑटो रिक्शा और टैक्सी चलाकर अपना गुजारा कर रहे थे, लेकिन लॉकडाउन के बाद से ही उनकी कमाई पर भी ताला लग गया है।

'नीतीश कुमार कुछ नहीं करेंगे तो हमने मजबूरी में इस कठिन सफर को चुना'

पलायन की भीड़ में शामिल बिहार के मधुबनी में रहने वाले लोगों ने अपनी व्यथा सुनाई है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ऑटो रिक्शा से मधुबनी जा रहे धनंजय कुमार ने कहा, मैं मुंबई में एक फूड डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहा था। हमने 2 महीने तक इंतजार किया। जब हमें महसूस हुआ कि नीतीश कुमार कुछ नहीं करेंगे तो हमने मजबूरी में इस कठिन सफर को चुना।

'बिना पैसे के टिकना मुश्किल'

वहीं, महाराष्ट्र में ऑटो-रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालने वाले युवक ने कहा, ‘लॉकडाउन के दौरान काम ठप पड़ जाने के कारण मुंबई छोड़ना पड़ा। पिछले ढाई महीने से बिना काम के हूं। बिना पैसे के टिकना मुश्किल है। इसलिए, मैं परिवार के साथ रांची, झारखंड लौट रहा हूं’।

लॉकडाउन के कारण महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई, पुणे, ठाणे, विरार, नवी मुंबई में लाखों प्रवासी मजदूर फंस गए हैं। सरकार द्वारा श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बाद भी कुछ मजदूरों ने खुद ही घरों की तरफ जाने का निर्णय लिया है। ये मजदूर पैदल या अपने वाहनों से गृह राज्य जा रहे हैं।

 महाराष्ट्र में 1,602 नए मामले, 44 मौतें

 महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में 1,602 नए मामले और 44 मौतें रिपोर्ट रिपोर्ट की गईं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 27,524 और मौतों की संख्या बढ़कर 1,019 हो गई है। राज्य में अब तक कुल 6,059 रोगियों को छुट्टी दी गई और सक्रिय मामलों की संख्या 20,441 है।

वहीं मुंबई की बात करें तो यहां 998 नए पॉजिटिव मामले और 25 मौतें रिपोर्ट हुईं। यहां कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,6579 और मृत्यु 621 हो गई है। आज अस्पतालों से कुल 443 लोगों को छुट्टी दी गई। अब तक 4,234 लोगों को डिस्चार्ज किया गया।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad