Advertisement

BJP सांसद गोपाल शेट्टी ने ईसाइयों को बताया 'अंग्रेज', विवाद बढ़ने पर की इस्तीफे की पेशकश

उत्तरी मुंबई से भाजपा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल शेट्टी ने हाल ही में ईसाई समुदाय के बारे में...
BJP सांसद गोपाल शेट्टी ने ईसाइयों को बताया 'अंग्रेज', विवाद बढ़ने पर की इस्तीफे की पेशकश

उत्तरी मुंबई से भाजपा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल शेट्टी ने हाल ही में ईसाई समुदाय के बारे में एक विवादित बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

शेट्टी ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में ईसाइयों को 'अंग्रेज' बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में ईसाइयों ने हिस्सा नहीं लिया था। दरअसल, ये मामला गुरुवार का है लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है। हालांकि विवाद बढ़ने पर सांसद शेट्टी ने कहा, ‘मैं किसी भी तरह से पार्टी को शर्मिंदगी में नही डालना चाहता और इसके लिए जो भी सही होगा वो करने के लिए तैयार हैं’।

जानें क्या बोले थे सांसद शेट्टी?

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई में कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद शेट्टी ने कहा, ‘ईसाई ब्रिटिश थे, इसलिए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग नहीं लिया। भारत को हिंदू या मुस्लिम ने नहीं आजाद कराया, हम आजादी के लिए एक होकर लड़े’। इस दौरान उन्होंने ईसाई समुदाय के लोगों को अंग्रेज (विदेशी) भी बता डाला। शेट्टी ने मलाड के मालवानी में शिया कब्रस्तान समिति द्वारा आयोजित ईद-ए-मिलाद के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए ये विवादास्पद टिप्पणी की।

कांग्रेस ने किया विरोध

भाजपा सांसद द्वारा दिए गए विवादित बयान पर मुंबई कांग्रेस के महासचिव भूषण पाटिल ने शेट्टी के बयान पर निशाना साधते हुए कहा, 'सांसद गोपाल शेट्टी ने इसके पहले भी कई विवादित बयान दिए है, शेट्टी ने पहले किसानों की आत्महत्या को फैशन बताया था तो वही अब ईसाई समुदाय के लोगों पर सवाल खड़े किए हैं'।

शेट्टी के बयान से बीजेपी ने किया किनारा

मुंबई में पार्टी अध्यक्ष आशीष शेलर ने कहा, ‘बीजेपी ऐसे बयान का समर्थन नहीं करती और न ही यह बीजेपी का आधिकारिक पक्ष है। हम ईसाई समुदाय का पूरा समर्थन करते हैं। पार्टी की ओर से उन्हें अपना बयान वापस लेने के लिए कहा गया है’।

शेट्टी ने कही इस्तीफा देने की बात

अपने इस विवादित बयान पर विवाद बढ़ता देख बीजेपी सांसद ने अपना बचाव करते हुए इस्तीफे देने तक की बात भी कह डाली। उन्होंने कहा, मेरा बयान गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। मैंने किसी के खिलाफ कभी भेदभाव नहीं किया है। फिर भी, मैंने राज्य पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफा देने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया है, जिसमें उन्होंने मुझसे मिलने के लिए कहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad