Advertisement

अब महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक बढ़ा लॉकडाउन, सीएम ठाकरे ने किया ऐलान

देश और दुनिया में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे है जिसे देखते हुए ओडिशा और पंजाब के बाद अब...
अब महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक बढ़ा लॉकडाउन, सीएम ठाकरे ने किया ऐलान

देश और दुनिया में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे है जिसे देखते हुए ओडिशा और पंजाब के बाद अब महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने भी 30  अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले उन्होंने पीएम मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान इसे बढ़ाने की मांग की थी। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1,800 के पार पहुंच गया है। राज्य में अबतक सबसे ज्यादा 110 लोगों की मौत हुई है।

विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की पीएम मोदी के साथ करीब चार घंटे तक चली बैठक के बीच जो सलाह दी गई, उसे देखते हुए ऐसा फैसला जल्द किया जा सकता है। क्योंकि अधिकतर राज्यों ने  बैठक में कहा कि जिस तरह से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं, उससे ये खतरा मंडरा रहा है कि कम्युनिटी संक्रमण बढ़ सकता है, ऐसे में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जाए। इसको देखते हुए केंद्र सरकार और दो हफ्ते के लिए लॉकडाउन की अवधि बढ़ा सकती है।

राज्यों ने भी की वकालत

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाने की वकालत की। केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन आगे जारी रखने की मांग की। प्रधानमंत्री ने आज लगातार तीसरी बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। मोदी इस दौरान गमछे को ही मास्क जैसे लगाए नजर आए। पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों से ऐसे समय में बात कर रहे हैं जब माना जा रहा है कि सरकार देशभर में लागू लॉकडाउन को कुछ संभावित छूट के साथ बढ़ा सकती है।

लॉकडाउन की अवधि बढ़ा चुके हैं ये दो राज्य

पंजाब और ओडिशा पहले ही अपने राज्यों में जारी लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा चुके हैं। वहीं देश में जारी लॉकडाउन आने वाले मंगलवार को खत्म हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विभिन्न पहलुओं पर राज्य सरकारों से विचार मांगे हैं, जिसमें यह जानकारी भी शामिल है कि क्या अधिक लोगों और सेवाओं को छूट दी जानी चाहिए।

वर्तमान में जारी लॉकडाउन में केवल जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। यह दूसरी बार है जब प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के बाद मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की है। दो अप्रैल को हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जारी लॉकडाउन से बाहर निकलने के लिए सख्त कदम उठाने के लिए कहा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad